1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महाकुंभ के महाजाम पर सीएम योगी हुए फायर, ADG रैंक के दो अफसरों पर भड़के, सस्पेंशन की कार्रवाई तक आई बात

महाकुंभ के महाजाम पर सीएम योगी हुए फायर, ADG रैंक के दो अफसरों पर भड़के, सस्पेंशन की कार्रवाई तक आई बात

 Reported By: Vishal Pratap Singh Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 11, 2025 11:35 am IST,  Updated : Feb 11, 2025 12:34 pm IST

mahakumbh 2025: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 के कारण यातायात की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति को संभालने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - India TV Hindi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Source : FILE-PTI

लखनऊः महाकुंभ में जाने के लिए प्रयागराज से सटे यूपी के कई इलाकों में श्रद्धालुओं को भयंकर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 के कारण यातायात की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति को संभालने के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए खुद कमान संभाल ली है। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में एडीजी रैंक के दो बड़े पुलिस अफसरों से काफी नाराज दिखे।

एडीजी ट्रैफिक और एडीजी प्रयागराज से नाराज दिखे सीएम योगी

सूत्रों ने बताया कि सीएम योगी ने एडीजी प्रयागराज भानु भास्कर से कहा कि आपके ऊपर इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी है। आप कैसे अपनी ज़िम्मेदारियों से बच सकते हैं। सबको अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी और दूसरों पर अपनी ज़िम्मेदारी नहीं डालनी होगी। वहीं एडीजी ट्रैफिक सत्यनारायण से सीएम योगी बेहद नाराज़ दिखे। मुख्यमंत्री ने भरी मीटिंग में एडीजी से कहा कि जब इतना जाम लग रहा था तो आप और आपकी टीम क्या कर रही थी। आपका काम तो सस्पेंशन वाला है।

'सस्पेंशन की कार्रवाई तो बनती है', बोले सीएम योगी

मीटिंग में सीएम योगी ने कहा कि सभी क़ो पता है की छुट्टी वाले दिन भीड़ बढ़ती है तो शनिवार और रविवार क़ो आपने क्या व्यवस्था की। मुख्य स्नान के दिन आला अधिकारी मौके पर नहीं होते हैं। ऐसे में तो सस्पेंशन की कार्रवाई तो बनती है। 

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बता दें कि प्रयागराज से सटे यूपी के कई जिलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है। सीएम योगी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण के कड़े उपाय लागू करने के निर्देश दिए। महाकुंभ के महत्वपूर्ण दिन माघ पूर्णिमा के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, जिस दिन और भी अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

अधिकारी यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए डायवर्जन लागू करके, सार्वजनिक परिवहन विकल्पों को बढ़ाकर और सुचारू विनियमन के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात करके काम कर रहे हैं। सरकार ने श्रद्धालुओं से परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आग्रह किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।