1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज: मौनी अमावस्या से पहले भीड़ का रिकॉर्ड टूट गया, 5 करोड़ श्रद्धालु आज आ गए, कल 10 करोड़ पार?

प्रयागराज: मौनी अमावस्या से पहले भीड़ का रिकॉर्ड टूट गया, 5 करोड़ श्रद्धालु आज आ गए, कल 10 करोड़ पार?

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jan 28, 2025 11:41 pm IST,  Updated : Jan 28, 2025 11:42 pm IST

मौनी अमावस्या से ठीक पहले आज प्रयागराज का महाकुंभनगर दुनिया का सबसे बड़ा जिला बन गया है। आज यहां चार करोड़ 64 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। साढ़े चार करोड़ से ज्यादा भक्तों ने आज संगम में स्नान किया। इस वक्त महाकुंभनगर की आबादी दुनिया के सबसे ज्यादा पॉपुलेशन वाले शहर टोक्यो, दिल्ली और शंघाई से भी ज्यादा है।

महाकुंभ में उमड़ा...- India TV Hindi
महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब Image Source : PTI

महाकुंभ नगर: मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य मां सरस्वती के पवित्र संगम में श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत साधु-संतो, श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, स्नानार्थियों और गृहस्थों का स्नान मंगलवार को नए शिखर पर पहुंच गया। मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से एक दिन पूर्व मंगलवार को करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाई। यह महाकुम्भ में स्नानार्थियों की एक दिन में सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही, महाकुम्भ में अब तक करीब 20 करोड़ लोगों ने स्नान कर लिया है।

पूरे महाकुंभ में 45 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु करेंगे स्नान

इससे पहले रविवार और सोमवार को भी 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने त्रिवेणी संगम में पावन स्नान किया था। योगी सरकार का अनुमान है कि मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ और पूरे महाकुंभ में 45 करोड़ से ज्यादा लोग स्नान करेंगे। मंगलवार को रात 8 बजे तक 4.83 करोड़ लोगों ने स्नान कर लिया। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। इससे पूर्व मकर संक्रांति पर 3.5 करोड़, पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़, इसी रविवार को 1.74 करोड़ तो सोमवार को 1.55 करोड़ लोगों ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया। इसमें 10 लाख कल्पवासियों के साथ-साथ देश विदेश से आए श्रद्धालु एवं साधु-संत शामिल रहे।  

mahakumbh devotees
Image Source : PTIमहाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़।

रात होते-होते तेजी से बढ़ती जा रही भीड़

आपको शायद पता नहीं होगा कि दुनिया में 10 करोड़ से ज्यादा जनसंख्या वाले सिर्फ 12 देश हैं यानी अगर महाकुंभ कोई देश हो जाए तो कल वो दुनिया का 13वां सबसे बड़ी आबादी वाला मुल्क बन जाएगा। कल के स्नान के लिए श्रद्धालु आज ही प्रयागराज पहुंच गए हैं। आज ही प्रयागराज में इतनी भीड़ है कि कहीं कोई जगह खाली दिखती ही नहीं।

महाकुंभ का सबसे बड़ा अमृत स्नान

  • कल मौनी अमावस्या पर दुनिया के 72 देशों की कुल आबादी के बराबर लोगों के जुटने का अनुमान है
  • इतनी बड़ी भीड़ इससे पहले किसी कुम्भ, महाकुम्भ या दुनिया के किसी आयोजन में कभी नहीं जुटी
  • 2011 में यूपी की कुल आबादी लगभग 20 करोड़ थी।
  • यूपी की कुल आबादी की आधी आबादी सिर्फ एक दिन में प्रयागराज में जुटेगी।
  • दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ वोटर हैं, इससे 6 गुना ज़्यादा श्रद्धालु प्रयागराज में स्नान करेंगे।
  • पूर्वोत्तर के 7 राज्यों की कुल आबादी मिलकर लगभग 2 करोड़ है।
  • महाकुम्भ में कल मौनी अमावस्या के दिन पूर्वोत्तर के 7 राज्यों की कुल आबादी से 5 गुना ज़्यादा भीड़ संगम में डुबकी लगाएगी।
  • 2011 की जनगणना के मुताबिक़ बिहार की कुल आबादी 10.40 करोड़ थी।
  • महाकुम्भ में मौनी अमवस्या के दिन पूरे बिहार की आबादी के बराबर श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है।

श्रद्धालु ज्यादा देर तक घाटों पर ना रुकें

29 जनवरी को मौनी अमावस्या का मुख्य महापर्व है। अमावस्या आज देर शाम से ही लग रही है पर उदया तिथि में ये स्नान 29 को भोर से पूरे दिन चलेगा इसके लिए भक्तों का रेला है। श्रद्धालुओं को संभालना महाकुंभ प्रशासन के लिए मुश्किल हो रहा है इसीलिए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कहा है कि संगम के सभी घाट समान रूप से पवित्र हैं इसलिए भीड़भाड़ से बचने के लिए वो जिस घाट पर पहले पहुंचें, वहीं स्नान कर लें। ये भी कहा गया है कि बेवजह श्रद्धालु ज्यादा देर तक संगम क्षेत्र और घाटों पर ना रुकें। स्नान करें और अपने गंतव्य की ओर बढ़ते चलें।

mahakumbh 2025
Image Source : PTIमहाकुंभ में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़

CM योगी ने दी मौनी अमावस्या की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौनी अमावस्या की पूर्व संध्या पर देश भर के श्रद्धालुओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा है, ''सनातन आस्था के महापर्व महाकुम्भ-2025 में मौनी अमावस्या के महाव्रत में शामिल होने वाले सभी पूज्य संतों, साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन एवं प्रदेश वासियों को मौनी अमावस्या की शुभकामनाएं। दिव्य-भव्य-डिजिटल महाकुम्भ 2025 प्रयागराज में 'अमृत स्नान' के महापुण्य को प्राप्त करने के लिए पधारे सभी साधु-संत गण, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का हृदय से अभिनंदन। मां गंगा, भगवान भास्कर की कृपा आप सभी पर बनी रहे, सारे देशवासी एकजुट रहें, यही प्रार्थना है।''

यह भी पढ़ें-

मौनी अमावस्या पर जा रहे महाकुंभ, तो पढ़ लें ये एडवाइजरी; आने और जाने वाले श्रद्धालु आमने-सामने ना आएं

Mahakumbh: ड्रोन से खींची गईं महाकुंभ की खूबसूरत तस्वीरें, देखकर आपका भी कर जाएगा स्नान का मन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।