उत्तर प्रदेश के बागपत की बड़ौत पुलिस, सर्विलांस और स्वाट (SWAT) टीम ने मिलकर फ्लिपकार्ट के सामान में हेराफेरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों (हिमांशु, अभिषेक और अनिल) को पकड़ा है। इनके पास से अलग-अलग नामी कंपनियों के 42 महंगे स्मार्टफोन बरामद हुए हैं, जिनकी बाजार में कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये है।
कैसे करते थे धोखाधड़ी?
यह गिरोह पिछले डेढ़ साल से ईस्टाकार्ट (फ्लिपकार्ट की डिलीवरी सर्विस) के डिलीवरी हब में काम करते हुए चोरी को अंजाम दे रहा था। हब इंचार्ज आशीष चौधरी और उसके साथी डिलीवरी क्षेत्र के हिसाब से ऑनलाइन महंगे मोबाइल ऑर्डर करते थे। हब पर सामान उतरते समय वे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे के आगे बैग या कंटेनर लगाकर अपना चेहरा और हरकतें छिपा लेते थे। इसके बाद पार्सल गायब करके सिस्टम में लिख देते थे कि सामान मिला ही नहीं। पुलिस के मुताबिक इस चालाकी से गिरोह ने कंपनी को करीब 77 लाख रुपये का बड़ा नुकसान पहुंचाया।
बरामद हुए 42 मोबाइलों की जानकारी
- Apple iPhone: 8
- Samsung: 8
- Motorola: 7
- Google Pixel: 5
- Realme: 4
- Vivo: 3
- AI: 3
- OnePlus: 2
- Oppo: 1
- iQOO: 1
चोरी के मोबाइल कहां बेचे जाते थे?
पार्सल से चुराए गए इन महंगे मोबाइलों को आरोपी उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और रुड़की जैसे शहरों में ले जाकर बेच देते थे। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद आरोपियों को दबोच लिया और बाकी बचे हुए फरार साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार मुख्य आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। चोरी किए गए अन्य मोबाइलों और उनकी बिक्री से जुड़े नेटवर्क का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बागपत के एसपी सूरज राय ने दिया बयान
बागपत के एसपी सूरज राय ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया। इस मामले में अभी कई आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी कर रही है। यह समूह पिछले डेढ़ साल से सक्रिय था और लगातार धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस ने फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है।
बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
EMI नहीं भरी तो मजदूर को बनाया बंधक, पीटा फिर शरीर से निकलवाया खून
दो सगे भाइयों ने मां और बहन के साथ मिलकर 10 किलो सोना चुराया, लाखों की नकदी भी की साफ, सभी गिरफ्तार