वाराणसी के फेमस दशाश्वमेध घाट मार्ग पर एक युवक को सोशल मीडिया के लिए रील बनाना बेहद महंगा पड़ गया। अपनी कमर में नकली पिस्टल लगाकर वीडियो पोस्ट करने वाले इस युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय रवि शंकर मिश्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजातालाब थाना क्षेत्र के भीमचण्डी का रहने वाला है और वर्तमान में दशाश्वमेध इलाके के अगस्तकुंडा स्थित दत्तात्रेय मठ में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वीडियो में इस्तेमाल की गई नकली यानी टॉय गन को भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
वीडियो देखने के बाद पुलिस महकमे में मची खलबली
दरअसल, आरोपी रवि शंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह अपनी कमर में तमंचा या पिस्टल जैसी दिखने वाली एक गन हाथ में लिए हुए नजर आ रहा था। दशाश्वमेध घाट जैसे व्यस्त रास्ते पर बनाए गए इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और वीडियो की बारीकी से जांच शुरू की। जांच के बाद दशाश्वमेध थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में अजीबोगरीब दलील देते हुए दावा किया कि उसने यह नकली पिस्टल बंदरों को भगाने के लिए अपनी कमर में लगा रखी थी, लेकिन पुलिस का कहना है कि उसका असल मकसद सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर सनसनी फैलाना और रौब गालिब करना था।
वाराणसी पुलिस ने आम जनता से की खास अपील
दशाश्वमेध पुलिस ने आरोपी रवि शंकर मिश्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, वाराणसी पुलिस ने आम जनता और युवाओं से खास अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर रील्स या व्यूज बटोरने के चक्कर में किसी भी तरह के असली या नकली हथियारों का प्रदर्शन न करें। ऐसे कृत्यों से समाज में दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है। अगर कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए इस तरह की भ्रामक या डराने वाली पोस्ट साझा करेगा, तो उसके खिलाफ पुलिस बेहद सख्त और कानूनी कार्रवाई करेगी।
वाराणसी से अश्विनी त्रिपाठी की रिपोर्ट