कानपुर के घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से बच्चा चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक SDO को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बेटे की चाहत में एक ANM को पांच लाख रुपये देने का लालच देकर अस्पताल से बच्चा चोरी करने की साजिश रची थी। इस मामले में ANM को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब विवेचना के दौरान साजिश में SDO की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आरके वर्मा बिजली विभाग में SDO के पद पर तैनात है। वह करीब छह महीने से मौदहा कस्बे के बिजली सब स्टेशन में तैनात था। मूलरूप से वह घाटमपुर थाना क्षेत्र के सूखापुर गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की दो बेटियां हैं और वह बेटे की चाहत रखता था। इसी इच्छा के चलते उसने कथित तौर पर बच्चा चोरी कराने की योजना बनाई।
ANM को दिया 5 लाख रुपये का लालच
पुलिस जांच में सामने आया कि SDO ने बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के अनुवान गांव निवासी और देवीपुर में तैनात ANM गीता पत्नी विनोद से संपर्क किया था। आरोप है कि उसने ANM को 5 लाख रुपये देने का लालच देकर बच्चा चोरी करने के लिए तैयार किया। घटना 11 मई की रात की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत ANM गीता घाटमपुर CHC पहुंची और वहां से एक बच्चे को चोरी कर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
इसी दौरान अस्पताल के कर्मचारियों को उस पर शक हुआ। कर्मचारियों ने ANM को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ANM को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी ANM को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया SDO का नाम
ANM से पूछताछ और मामले की विवेचना आगे बढ़ने के बाद पुलिस को कथित साजिश के पीछे बिजली विभाग के SDO आरके वर्मा की भूमिका के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जांच के आधार पर आरोपी SDO को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
बेटे की चाहत में रची गई थी साजिश
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी SDO ने बेटे की चाहत में ANM को 5 लाख रुपये देने का लालच देकर बच्चा चोरी कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। विवेचना के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चा चोरी की इस साजिश में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
राम मंदिर के सेवादार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला श्रद्धालु को खोजकर लौटाया मंदिर में खोया हार