1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. साली पर आया जीजा का दिल, मोबाइल टावर पर चढ़कर 3 घंटे तक किया हाई वोल्टेज ड्रामा, देखें वीडियो

साली पर आया जीजा का दिल, मोबाइल टावर पर चढ़कर 3 घंटे तक किया हाई वोल्टेज ड्रामा, देखें वीडियो

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 23, 2025 08:52 am IST,  Updated : Dec 23, 2025 10:46 am IST

यूपी में एक युवक साली के प्यार में इस कदर पागल हुआ कि वह पत्नी के रहते मोबाइल के टावर पर चढ़ गया और जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने साली को बुलाया तो युवक नीचे उतरा।

साली के प्यार में युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा- India TV Hindi
साली के प्यार में युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा Image Source : REPORTER

औरैयाः यूपी के औरैया जिले में साली के प्यार में पागल एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर करीब तीन घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा किया। युवक के घर पर पत्नी और एक छोटा बच्चा भी है लेकिन युवक साली के प्यार में इस कदर पागल हुआ कि फिल्म शोले के वीरू के किरदार को याद दिला दिया। मामला सहार थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर का है। 

युवक ने आत्मदाह करने की धमकी दी

टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान शहरुद्दीन उर्फ शेरा के रूप में हुई। युवक की पत्नी व डेढ़ साल का बच्चा घर पर मौजूद हैं। परिजनों के अनुसार, युवक साली के लिए अक्सर घर पर हंगामा करता है। सोमवार को वह शाम करीब साढ़े चार बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और साली से शादी करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगा। युवक ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी भी दी। पुलिस ने युवक की साली को मौके पर बुलाया। इसके बाद युवक नीचे उतरा।

यहां देखें वीडियो

साली के प्यार में पागल हुआ जीजा

बताया जा रहा है कि शहरुद्दीन अपनी साली के प्रेम में इस कदर पागल हो गया कि उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। शहरुद्दीन की पत्नी भी है जिससे उसका दो साल का बेटा असद है। पत्नी और बच्चा घर पर ही रहते हैं। शहरुद्दीन बीते काफी समय से अपने इस प्रेम प्रसंग को लेकर घर में लगातार विवाद और तनाव पैदा कर रहा था। शेरा परिवार को लंबे समय से परेशान कर रहा है और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है।

पुलिस ने युवक को समझाया

मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमेश सिंह, एसआई अब्दुल सत्तार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र मौके पर फायर ब्रिगेड और 108 एम्बुलेंस को भी बुला लिया गया ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। पुलिस और परिजन लगातार युवक को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह काफी देर तक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान गांव में भारी भीड़ जुट गई और लोग सांस थामे पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। 

जैसे ही साली ने युवक से बात की, उसके बाद शहरुद्दीन मान गया और सुरक्षित तरीके से मोबाइल टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस अजीबो-गरीब प्रेम प्रसंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

 रिपोर्ट- दीपेंद्र सिंह 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।