1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा अभियान, DM मेधा रूपम ने किया मेडिकल कैंप्स का निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा अभियान, DM मेधा रूपम ने किया मेडिकल कैंप्स का निरीक्षण

 Published : Apr 24, 2026 05:00 pm IST,  Updated : Apr 24, 2026 05:05 pm IST

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए 25 स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश में स्वास्थ्य जांच, दवाएं, आंखों, दंत और महिला रोग सुविधाएं दी गईं जिसका हजारों श्रमिकों ने लाभ उठाया।

Gautam Buddh Nagar medical camp, UP labour health scheme, Yogi Adityanath workers welfare- India TV Hindi
गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम। Image Source : REPORTER'S INPUT

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य, आवास, कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य विभाग, निजी अस्पतालों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से 25 स्थानों पर व्यापक मेडिकल कैंप/मेला आयोजित किया गया। गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अंबेडकर भवन, सूरजपुर में आयोजित मेडिकल कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।

'मेडिकल कैंपों में आधुनिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध'

श्रमिकों ने मेडिकल कैंपों की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा, 'आज यहां पर जो मेडिकल कैंप आयोजित किया गया है, इसी प्रकार के विस्तृत मेडिकल कैंप आगे भी सभी श्रमिक भाइयों और बहनों के लिए लगाए जायेंगे। आप सभी अधिक से अधिक संख्या में आयोजित मेडिकल कैंप में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का भरपूर लाभ उठाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी अस्पतालों एवं एनजीओ के सहयोग से आयोजित कराए जा रहे हैं मेडिकल कैंपों में आधुनिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं।'

'महिला श्रमिकों के लिए ब्रेस्ट स्कैनिंग जैसी सुविधाएं'

जिलाधिकारी ने आगे कहा, 'विशेष रूप से महिला श्रमिकों के लिए मैमोग्राफी एवं ब्रेस्ट स्कैनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही डेंटल के लिए भी पूर्ण सेटअप उपलब्ध है, जिसमें छोटी-छोटी कैविटी भरने से लेकर आवश्यक उपचार तक की सुविधा तथा एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध रहेगी। आंखों की जांच से लेकर मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन तथा मुफ्त चश्मा वितरण की व्यवस्था भी मेडिकल कैंपों में उपलब्ध कराई जा रही है।'

मजदूरों के लिए अभियान में क्या है खास?

  1. श्रमिकों के स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
  2. प्रशासन का लक्ष्य है कि उद्योगों में काम करने वाले करीब 12 लाख श्रमिकों को आधुनिक और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं। गौतमबुद्धनगर की 8000 से ज्यादा इंडस्ट्रीज के श्रमिकों को इसका लाभ मिलेगा।
  3. 1 मई को होने वाले बड़े स्वास्थ्य कैंप के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। आज से ही अलग-अलग उद्योगों में रोजाना स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे, जिनका रोस्टर तैयार कर लिया गया है। साथ ही उद्योगों के पास के 25 रिहायशी इलाकों में भी कैंप लगाए जा रहे हैं।
  4. 70 से ज्यादा निजी अस्पताल सरकारी अस्पतालों के साथ मिलकर श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं आसान बना रहे हैं।
  5. इस अभियान में आधुनिक सुविधाओं से लैस विशेष बसें भी शामिल हैं, जिनमें मैमोग्राफी, एक्स-रे, डेंटल चेयर, डेंटल सर्जरी और अन्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
  6. स्वास्थ्य सेवाएं श्रमिकों के घर के पास या उनके कार्यस्थल तक पहुंचाई जाएंगी।
  7. एक बड़ा कदम यह है कि 1 मई को 22 बड़े निजी अस्पताल श्रमिकों को प्राथमिक, द्वितीय और तृतीय स्तर तक का इलाज मुफ्त में देंगे।
  8. गौतमबुद्धनगर में इस तरह की पहल पहली बार की जा रही है, जो काफी सराहनीय है।
  9. कई उद्योगों में बच्चों के लिए क्रेच (देखभाल केंद्र) खोले जाएंगे और वहीं पर छोटे क्लीनिक भी बनाए जा रहे हैं। साथ ही हर उद्योग में नियमित स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे।
  10. श्रमिकों की रहने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।
  11. CSR के तहत कई एनजीओ और उद्योग मिलकर काम कर रहे हैं, जिसकी निगरानी जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की जा रही है।

श्रमिकों से मेडिकल कैंप्स का लाभ उठाने की अपील

जिलाधिकारी ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा, 'मेडिकल कैंपों में अपने परिवार, बच्चों तथा बुजुर्गों को भी साथ लाकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा संख्या में उठाएं। बच्चों के लिए पीडियाट्रिक सेवाएं भी उपलब्ध हैं, जिसमें उन्हें भी आवश्यकतानुसार चश्मा प्रदान किया जाएगा।' मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि अंबेडकर भवन, सूरजपुर में आयोजित शिविर में विभिन्न संस्थाओं द्वारा बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, और स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामान्य जांच कर निःशुल्क दवाएं दी गईं।

आई केयर टीम ने कई लाभार्थियों को मुफ्त चश्मे बांटे

डेवलपमेंट कंसोर्टियम एनजीओ ने एनसीडी, टीबी, एचआईवी और कैंसर की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं, मानस हॉस्पिटल फाउंडेशन, सूरजपुर द्वारा 25 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसके अलावा, शारदा हॉस्पिटल ने बड़ी संख्या में दंत और महिला रोग संबंधी जांच की। आई केयर टीम ने नेत्र जांच कर कई लाभार्थियों को मुफ्त चश्मे वितरित किए। नेचुरल केयर एनजीओ ने मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से टीबी और एचआईवी जांच की, वहीं आवाहन एनजीओ (एनटीपीसी के सहयोग से) ने भी स्वास्थ्य एवं टीबी जांच की सुविधा दी।

हजारों श्रमिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि श्रमिक बहुल क्षेत्रों जैसे ग्राम सूरजपुर, बरौला, सेक्टर-16 झुग्गी, सर्फाबाद, सेक्टर-15 नया बास, सेक्टर-8 झुग्गी, चौड़ा, मलकपुर, असगरपुर, छपरौला, हबीबपुर, नगला इलाहाबास, नयागांव, सलारपुर, वेदापुर, छलेरा, गेझा, सेक्टर-09 झुग्गी, मंगरौली, रोजा जलालपुर, कुलेसरा, ककराला और ग्राम भंगेल में कैंप लगाए गए, जहां हजारों श्रमिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अभियान के तहत श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे न केवल उनकी जांच हुई बल्कि उन्हें निःशुल्क इलाज भी मिला।

1 मई को होगा विशेष महाअभियान

गौतमबुद्धनगर जिले में 1 मई को विशेष स्वास्थ्य महाअभियान चलाया जाएगा। इस दिन 201 कैंप लगाए जाएंगे और सभी सरकारी व 22 निजी अस्पतालों में पूरे दिन श्रमिकों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच, ऑपरेशन और अन्य सेवाएं दी जाएंगी। यह पहल श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।