1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. GRP के हेड कॉन्स्टेबल ने दौड़कर बचाई ट्रेन से घिसट रहे यात्री की जान, सामने आया CCTV वीडियो

GRP के हेड कॉन्स्टेबल ने दौड़कर बचाई ट्रेन से घिसट रहे यात्री की जान, सामने आया CCTV वीडियो

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 26, 2026 10:58 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 10:58 pm IST

मथुरा में ट्रेन से घिसट रहे यात्री को जीआरपी हेड कॉन्स्टेबल ने अपनी सूझबूझ से बचा लिया। ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

Mathura Junction passenger rescue- India TV Hindi
मथुरा में ट्रेन से घिसटते यात्री की जान बचाई गई। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी में मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 पर बीते मंगलवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक यात्री का अचानक पैर फिसलने से ट्रेन की चपेट में आ गया और उसके साथ करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। इसी दौरान, ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्री की जान बचा ली।

चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश में फिसला यात्री का पैर

बीते मंगलवार की रात करीब 10 बजे लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-9 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान, एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के साथ घिसटने लगा। मौके पर मौजूद कई लोगों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। यात्री को इस हालत में देखकर प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार तुरंत हरकत में आ गए।

हेड कांस्टेबल ने दौड़कर बचाई यात्री की जान

हेड कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए ट्रेन के पीछे दौड़ लगा दी। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री को पकड़कर ट्रेन से अलग खींच लिया और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से यात्री की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

ये पूरी घटना मथुरा जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बुधवार शाम घटना का वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार के साहस और तत्परता की जमकर सराहना हो रही है। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी उनकी बहादुरी की प्रशंसा की।

सूझबूझ के चलते बचाई यात्री की जान

थाना प्रभारी जीआरपी प्रदीप कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार ने ड्यूटी के दौरान जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उनकी सूझबूझ के चलते यात्री की जान बचाई जा सकी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी कर्मी की बहादुरी की चर्चा स्टेशन से लेकर सोशल मीडिया तक हो रही है। इससे पहले, रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया। यहां चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया।

(इनपुट- विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें- महोबा में वंदे भारत से टकराया सांड, आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त; एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।