1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. BJP नेता के फार्म हाउस में लाखों की लूट, हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में किया बंद, 12 लाख और सोना लेकर भागे बदमाश

BJP नेता के फार्म हाउस में लाखों की लूट, हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में किया बंद, 12 लाख और सोना लेकर भागे बदमाश

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 13, 2026 02:21 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 02:21 pm IST

कानपुर में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस में सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने रमेश यादव के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया और 12 लाख रुपये नकद, एक सोने का ब्रेसलेट और एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में BJP नेता के फार्म हाउस में लाखों की लूट Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद कानपुर लौटे भाजपा नेता रमेश यादव को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद वह लूटपाट का शिकार हो जाएंगे। सोमवार देर रात उनके फार्म हाउस में नकाबपोश बदमाश घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर हाथ-पैर बांधे और बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद 12 लाख रुपये नकद, सोने का ब्रेसलेट और चेन लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना कानपुर के सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र की है। रमेश यादव भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हैं। सोमवार को वह लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद देर रात करीब 12:30 बजे कानपुर लौटे थे। उनका फार्म हाउस घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। घटना के समय वह फार्म हाउस में अकेले थे। वहां चार गार्ड भी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर निकल गए। पुलिस को रात करीब 1:20 बजे घटना की सूचना दी गई।

हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में किया बंद

जानकारी के मुताबिक, नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में दाखिल हुए और रमेश यादव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। बदमाशों ने परिसर में लूटपाट करते हुए 12 लाख रुपये नकद और सोने के दो आभूषण अपने साथ ले लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन टाडा और DCP साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए।

CCTV में भागते दिखे दो बदमाश

पुलिस ने फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में बदमाशों के अंदर दाखिल होने की तस्वीरें नहीं मिलीं, लेकिन भागते समय दो संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में दोनों काले कपड़े पहने नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और लूटे गए रुपये व आभूषण कहां हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक अक्टूबर को मिली थी प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी

रमेश यादव को एक अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया था। वह सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद कानपुर लौटे थे। वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में रमेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

लखनऊ से बड़ी खबर, होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, बॉयफ्रेंड फरार

छत से रस्सी के सहारे उतरा, 18 किलो चांदी बोरे में भरकर ले उड़ा चोर, CCTV में कैद; कानपुर कारखाने में बड़ी चोरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।