1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मऊ में दिव्यांग तांत्रिक हत्याकांड का हुआ खुलासा, शराब पिलाने के बाद काटा गया था सिर, दामाद समेत 4 गिरफ्तार

मऊ में दिव्यांग तांत्रिक हत्याकांड का हुआ खुलासा, शराब पिलाने के बाद काटा गया था सिर, दामाद समेत 4 गिरफ्तार

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 02, 2026 11:23 pm IST,  Updated : Jul 02, 2026 11:25 pm IST

हत्या करने से पहले सुभाष को शराब पिलाई गई थी। आरोपियों ने सुभाष को गोरखपुर से बुलाया था। इसके बाद उसे शराब पिलाई और एक सुनसान जगह पर पर ले जा कर उसका सिर काट दिया था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दिव्यांग तांत्रिक की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। दिव्यांग तांत्रिक हत्या के आरोप में उसके दामाद और नाती समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि तांत्रिक की हत्या अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के कारण की गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुभाष के रूप में हुई है, जिसका धड़ मंगलवार को घोसी थाना क्षेत्र में एक राजमार्ग पुल के नीचे मिला था। बाद में उसका कटा हुआ सिर पास की झाड़ियों से बरामद किया गया। 

लंबे समय से रह रहा था गोरखपुर में

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने मीडिया को मामले की खुलासा करते हुए बताया कि मोहम्मदाबाद गोहना के सड्डोपुर का निवासी सुभाष लंबे समय से गोरखपुर में रह रहा था। वह तंत्र-मंत्र तथा झाड़-फूंक का काम करता था। पूछताछ के दौरान घोसी क्षेत्र के मिर्जा जमालपुर गांव के रहने वाले मुख्य आरोपी और मृतक के दामाद भरत ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मां बीमार हो गई थी।

तंत्र-मंत्र से ठीक करने का किया दावा

इसके बाद सुभाष ने इलाज कराने के बजाय दावा किया था कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए उन्हें ठीक कर देगा, लेकिन मां की मौत हो गई। कुछ दिन बाद भरत की पत्नी और सुभाष की बेटी को तेज सिरदर्द की शिकायत हुई। 

अस्पताल में इलाज कराने से किया मना

भरत का आरोप है कि इस बार भी सुभाष ने अस्पताल में इलाज कराने से मना किया और झाड़-फूंक तथा धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए इलाज करने की बात कही। पुलिस के अनुसार, झाड़-फूंक के इलाज के दौरान भरत की पत्नी की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भरत का कहना है कि जब उसने इन मौतों को लेकर सुभाष से सवाल किया, तो उसने धमकी दी कि अगर भरत ने सुभाष का विरोध किया तो उसके पूरे परिवार का नाश हो जाएगा। 

अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर की हत्या

पुलिस के अनुसार इसके बाद भरत को विश्वास हो गया कि उसका ससुर तंत्र-मंत्र के जरिए उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। डर और गुस्से में भरत ने अपने बेटे और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर सुभाष की हत्या की साजिश रची। 

शराब पिलाकर धारदार हथियार से की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुभाष को गोरखपुर से बुलाया, शराब पिलाई और एक सुनसान जगह पर किसी धारदार हथियार से उसका सिर काट दिया। इसके बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और जांच को भटकाने के लिए धड़ को राजमार्ग पुल के नीचे फेंक दिया तथा कटे हुए सिर को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। 

चारों आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, निगरानी से मिली जानकारी और पूछताछ के आधार पर इस मामले का खुलासा किया गया। उन्होंने कहा कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार तथा अन्य सामान भी बरामद किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: 

फतेहपुर में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

विधवा भाभी से शादी करना चाहता था प्रकाश, पप्पू छोड़ने को तैयार नहीं था, उसे फंसाने के लिए दे दी दोस्त की बलि

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।