1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, CCTV से खुला राज, शादी के पहले चल रहा था अफेयर

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, CCTV से खुला राज, शादी के पहले चल रहा था अफेयर

 Written By: Shakti Singh
 Published : Jul 30, 2026 02:26 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 02:26 pm IST

आरोपी पत्नी का अफेयर शादी के पहले से चल रहा था। शादी होने के बाद भी वह जारी रहा, लेकिन जब पति अफेयर में बाधा बनने लगा तो उसे मौते के घाट उतार दिया।

Murder Accused- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोपागंज क्षेत्र के कसारा गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अवैध प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या दोनों ने मिलकर की और शव को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास लावारिस अवस्था में मिले युवक के शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

शादी के बाद भी जारी रहा अफेयर

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुंज बिहारी राजभर, निवासी कुतुबपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई। उसकी शादी मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी नेहा राजभर से हुई थी। जांच में पता चला कि नेहा का विवाह से पहले से ही महुई गांव निवासी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाह के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। नेहा ने गुड्डू को अपना रिश्तेदार बताकर पति से परिचय करा दिया था, जिससे किसी को उन पर शक न हो।

मुंबई में रहते थे तीनों

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले तीनों मुंबई में रह रहे थे। लगभग दो माह पूर्व वे मऊ लौट आए। आरोप है कि नेहा और उसके प्रेमी ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 25 जुलाई को नेहा ने मुंबई जाने का बहाना बनाकर पति कुंज बिहारी को मऊ रेलवे स्टेशन बुलाया और वहां से उसे कसारा ले गई, जहां पहले से गुड्डू मौजूद था। इसी दौरान तीनों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसमें कुंज बिहारी की मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी शव को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।

सीसीटीवी से खुला राज

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कसारा चौराहे सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक दोनों आरोपियों के साथ दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार को उपनिरीक्षक अमितेष मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मुहम्मद अली इंटर कॉलेज, इंदारा के पास घेराबंदी कर गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती (28) तथा नेहा राजभर (21) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी का बयान

क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कुंज बिहारी राजभर, निवासी कुतुबपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई। उसकी शादी मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी नेहा राजभर से हुई थी। जांच में पता चला कि नेहा का विवाह से पहले से ही महुई गांव निवासी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूछताछ में मिले तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

(मऊ से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, सिलबट्टे के बट्टे से सिर को कुचला; पुलिस ने किया गिरफ्तार

बीवी से परेशान युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, खौफनाक मौत का CCTV वीडियो आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।