मऊ: जिले में आयोजित भाजपा के एक स्वागत समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दे दिया। उनके इस बयान ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी तेज करने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव निर्धारित समय से पहले भी घोषित हो सकते हैं, इसलिए संगठन को अभी से पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर जाना चाहिए।
'चुनावी तैयारी में झोंक दें पूरी ताकत'
दरअसल, घोसी सीट के पूर्व विधायक विजय राजभर के भाजपा के संगठन में प्रदेश मंत्री बनाए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वागत समारोह में ए. के. शर्मा भी शामिल हुए। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने का संदेश दिया। अपने संबोधन में ए.के. शर्मा ने कहा कि संगठन के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मंडल एवं लखनऊ के लगातार दौरे में व्यस्त हैं, जिससे उनका काफी समय यात्रा में ही निकल रहा है।
'बूथ स्तर पर पार्टी को करें मजबूत'
ए.के. शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव अब दूर नहीं हैं और संभव है कि चुनाव निर्धारित समय से पहले भी घोषित हो जाएं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को केवल पांच से छह महीने की तैयारी का ही अवसर मिल सकता है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ समन्वय मजबूत करें तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें। उन्होंने यह भी कहा कि नेताओं के साथ फोटो खिंचवाने से अधिक महत्वपूर्ण संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना है।
बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज
कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के इस बयान के बाद जिले के राजनीतिक माहौल में हलचल तेज हो गई। विपक्षी दलों के नेताओं ने इसे लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि भाजपा पहले से ही चुनावी मोड में दिखाई दे रही है और मंत्री के बयान से समयपूर्व चुनाव की चर्चाओं को बल मिला है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में मंत्री के बयान को राजनीतिक तैयारी के संदर्भ में देखा जा रहा है। (इनपुट- राकेश)
यह भी पढ़ें-