1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'बृजेश पाठक के पास टाइम नहीं है', मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने लगाए आरोप, MP पर भी साधा निशाना

'बृजेश पाठक के पास टाइम नहीं है', मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने लगाए आरोप, MP पर भी साधा निशाना

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 26, 2025 08:23 am IST,  Updated : Jul 26, 2025 08:23 am IST

यूपी सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर ब्राह्मणों का अपमान करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उन्होंने डिप्टी CM बृजेश पाठक पर भी आरोप लगाते हुए कहा, 'बृजेश पाठक के पास महिलाओं की बात सुनने का समय नहीं है।'

प्रतिभा शुक्ला ने डिप्टी सीएम पर लगाए आरोप।- India TV Hindi
प्रतिभा शुक्ला ने डिप्टी सीएम पर लगाए आरोप। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर की अकबरपुर पुलिस पर हाल ही में यूपी सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया था। प्रतिभा शुक्ला ने यहां थाने के बाहर बैठकर घंटों तक प्रदर्शन भी किया था। वहीं अब यूपी सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रतिभा शुक्ला ने डिप्टी सीएम पर महिलाओं और ब्राह्मणों की बात नहीं सुनने का आरोप लगाया है। हाल ही में थाने का घेराव मामले को लेकर सपा प्रमुख ने बीजेपी पर निशाना भी साधा था। वहीं अब एक बार फिर बीजेपी के ही दो बड़े नेताओं के बीच विवाद सामने आया है। 

'ब्राह्मणों की नहीं सुनी जा रही बात'

दरअसल, योगी सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सांसद देवेंद्र सिंह भोले के खिलाफ ब्राह्मणों का अपमान करने का आरोप लगाया। गुरुवार को मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पुलिस को दो अधिकारियों पर एक्शन की मांग को लेकर अकबरपुर थाने में धरना भी दिया था। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं, खासकर ब्राह्मणों को अपमानित करने का आरोप लगाया था। वहीं अब धरना खत्म कर लखनऊ पहुंचीं मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों का सम्मान नहीं हो रहा है। मंत्री ने कहा कि अधिकारी मनमानी करते हैं। उन्होंने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक पर भी महिलाओं और ब्राह्मणों की बात नहीं सुनने का आरोप लगाया है।

सपा प्रमुख ने साधा निशाना

कुछ दिन पहले अकबरपुर थाने में अपनी ही सरकार की पुलिस के खिलाफ यूपी सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला धरने पर बैठ गई थीं। ऐसे में विपक्ष को योगी सरकार पर तंज कसने का मौका मिल गया। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, "सत्ताधारी राज्यमंत्री महोदया खुद ही अपनी पुलिस की करतूतों के खिलाफ धरना दे रही हैं, मुख्यमंत्री जी को कुछ और सबूत चाहिए क्या। भाजपा जाएगी तो पुलिस व्यवस्था आएगी।" अखिलेश यादव ने मंत्री के पति और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें अनिल शुक्ला फोन पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बात करते दिख रहे हैं। इसमें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि "आप कहें तो हम लोग राजनीति छोड़ दें या फिर फांसी पर लटक जाएं। आपको डिप्टी सीएम इसलिए बनाया गया ना, कि आप ब्राह्मणों की रक्षा करेंगे ,लेकिन यहां ब्राह्मणों पर फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे हैं। उनको गालियां दी जाएं और हम लोग सब उनको वोट देते रहें। ऐसे तो नहीं चलेगा।"

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।