भदोही जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी ने कथित तौर पर परिजनों द्वारा एक जन्मदिन के उत्सव में न ले जाने से दुखी होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार किशोरी की पहचान संजना कुमारी के रूप में हुई है जो घर में फांसी पर लटकी पायी गयी। अधिकारी के अनुसार उसके दादा छविनाथ ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि संजना औराई थाना क्षेत्र के जेठूपुर गांव में अपने दादा, 30 वर्षीय बड़ी बहन तथा पांच और सात साल के दो छोटे भाइयों के साथ रहती थी।
बर्थडे पार्टी में नहीं ले जाने से नाराज किशोरी ने की आत्महत्या
मांगलिक के मुताबिक संजना के पिता, जितेंद्र कुमार, दिल्ली में काम करते हैं, जबकि उनकी मां का सबसे छोटे बच्चे को जन्म देने के बाद पांच साल पहले निधन हो गया था। परिवार के मुताबिक, बुधवार को उसके चाचा परिवार के अन्य सदस्यों को एक जन्मदिन की पार्टी में ले गए, लेकिन जाने की जिद के बावजूद संजना को वहीं छोड़ गए। परेशान होकर, वह अपने दादाजी को रात का खाना परोसने और अपने कमरे में जाने से पहले बहुत देर तक रोती रही। परिवार के सदस्यों का कहना है कि जब वे लोग देर रात लौटे तो उन्होंने उसका कमरा अंदर से बंद पाया। उन्होंने खिड़की से देखा तो वह फांसी पर लटकती नजर आयी। मांगलिक ने कहा कि आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है।
बलिया में शख्स ने की आत्महत्या
वहीं दूसरी तरफ यूपी के बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद के बाद बच्चों समेत पत्नी के मायके चले जाने से आहत एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुखपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) योगेंद्र सिंह ने बताया कि मिड्ढा गांव में मंगलवार की रात्रि सुभाष चौहान (35 वर्ष) ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सुभाष चौहान के छोटे भाई का तिलक का कार्यक्रम था और सुभाष अपने परिवार से अलग अपने पुराने घर में रहता था। योगेंद्र सिंह के मुताबिक, उसकी बहन देर रात घर से कोई सामान लेने गयी तो उसने सुभाष को फंदे पर लटका हुआ देखकर शोर मचाया। एसएचओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि सुभाष का मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ और इस दौरान उसने अपनी पत्नी की कथित रूप से पिटाई कर दी थी, जिसके बाद वह दो बच्चों सहित मायके चली गयी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी से अवसाद में आकर सुभाष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
(इनपुट-भाषा)