1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बच्ची के रोने पर पीटने से हुई मौत! डेढ़ साल की मासूम बेटी की हत्या का मां पर लगा आरोप

बच्ची के रोने पर पीटने से हुई मौत! डेढ़ साल की मासूम बेटी की हत्या का मां पर लगा आरोप

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Nov 04, 2026 06:48 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 06:53 pm IST

एक महिला पर अपनी ही डेढ़ साल की बच्ची की हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि बच्ची रो रही थी। इससे नाराज होकर उसे मां ने पीट दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

मौके पर मौजूद...- India TV Hindi
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बच्ची के रोने से नाराज मां ने उसके साथ मारपीट की, जिससे मासूम की मौत हो गई। घर के अंदर बिस्तर पर बच्ची का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। 

बताया जा रहा है कि महिला पांच बेटियों की मां है और पति के साथ न रहने के चलते मानसिक तनाव में थी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। मासूम की मौत का यह सनसनीखेज मामला चरखारी कोतवाली क्षेत्र के चिंतेपुरा मोहल्ले का है। 

बिस्तर पर पड़ा मिला शव

यहां महिला पुलिस चौकी के बगल में स्थित एक मकान में डेढ़ वर्षीय बच्ची का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। बच्ची की मौत की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची के मामा और नानी मजदूरी करने गए थे। शाम करीब सात बजे जब दोनों घर लौटे तो मासूम मृत अवस्था में मिली। जिसके बाद मामा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल मिश्रा पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

परिजनों के मुताबिक, बच्ची की मां की शादी नौगांव क्षेत्र के बघारी गांव निवासी एक शख्स से हुई थी। पति करीब 30 वर्षों से दिल्ली में प्लंबर का काम करता है और छह महीने पहले महिला को उसकी चार बेटियों के साथ मायके में छोड़ गया था। महिला की कुल पांच बेटियां थीं, जिनमें बड़ी बेटी की पहले ही मौत हो चुकी थी।

मानसिक तनाव में थी महिला

परिजनों का आरोप है कि पति के साथ न रहने और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मानसिक तनाव में रहती थी। घटना के बाद पुलिस ने मां से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में इस मामले को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के रोने पर उसकी मां ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले कानपुर में एक शख्स ने अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी थी। 

रिपोर्ट- शांतनु सोनी

 ये भी पढ़ेंः झांसी में दरबार लगाने वाला 'काली सरकार' हरदोई में गिरफ्तार, 31 साल पुराने मुकदमों में था फरार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।