1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में चचेरे भाई की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा

कानपुर में चचेरे भाई की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 03, 2026 05:28 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 05:28 pm IST

कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मतैय्यापुरवा में दो चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें राकेश की मौत हो गई।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में चचेरे भाई की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

कभी साथ खेलने-कूदने और परिवार के सुख-दुख में साथ रहने वाले दो चचेरे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक की जान चली गई। कानपुर के काकादेव इलाके में मारपीट के दौरान राकेश की मौत के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 35 वर्षीय रवि कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस अब उसे अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

यह घटना काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मतैय्यापुरवा की कुम्हार वाली गली की है। जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों राकेश और उसके चचेरे भाई रवि कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद जल्द ही हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान राकेश को गंभीर चोटें आईं। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, वहीं इलाके में भी तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस

राकेश की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। उनकी तहरीर के आधार पर काकादेव थाने में मुकदमा संख्या 259/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

आरोपी की तलाश के लिए डीसीपी सेंट्रल और एडीसीपी सेंट्रल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। एसीपी स्वरूप नगर की निगरानी और थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम के नेतृत्व में टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रवि कुमार प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र 35 वर्ष है और वह मतैय्यापुरवा, शास्त्री नगर स्थित मकान नंबर 122/367 का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम, शास्त्री नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नितिन कुमार, उपनिरीक्षक गौरी शंकर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल अनूप सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि दोनों के बीच हुए विवाद और राकेश की मौत की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

मैनपुरी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का वांछित गिरफ्तार

पड़ोसी के घर में कौन आ-जा रहा है... ये अब CCTV कैमरे नहीं देख पाएंगे! हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।