उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुजारी ने परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, लेकिन बेटी पैदा होने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि इसी रंजिश में दोनों ने पुजारी की हत्या कर दी और मामले में गांव के ही एक व्यक्ति को फंसाने के लिए घटनास्थल पर उसकी तस्वीर छोड़ दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
भविष्यवाणी बनी विवाद की वजह
81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती को बेटा होने की भविष्यवाणी करना उस समय महंगा पड़ गया, जब भौराकला थाना क्षेत्र स्थित एक शिव मंदिर में 13 अक्टूबर को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटनास्थल से मिला फोटो
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उस समय घटना स्थल की बारीकी से जांच पड़ताल कर पुजारी के शव को कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, मौके से गांव के ही एक व्यक्ति हरेंद्र का फोटो भी बरामद हुआ था। जिसके चलते आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आलाधिकारियों द्वारा कई टीमों का गठन किया गया था। टीम ने आज गांव के ही एक व्यक्ति हाशिम और उसके बेटे जीशान को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो तमंचे के साथ कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं।
बेटी पैदा होने पर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि तकरीबन डेढ़ महीने पूर्व हाशिम के बेटे जीशान की पत्नी को बच्चा होना था। जिसके लिए मंदिर के मृतक पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने भविष्यवाणी की थी कि बेटा होगा, लेकिन बेटी होने पर पिता-पुत्र का पुजारी से विवाद हो गया था। इन पिता-पुत्र का गांव के ही हरेंद्र नाम के एक व्यक्ति से भी विवाद था। जिसके बाद से इन्होंने पुजारी की हत्या कर ग्रामीण हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची थी।
पड़ोसी को फंसाने की साजिश
साजिश के चलते हत्यारे पिता-पुत्र ने मिलकर पहले पड़ोसी देवेंद्र के मोबाइल से किसी तरह उसका फोटो चुराया और फिर 13 अक्टूबर की रात मंदिर प्रांगण में पुजारी देवेंद्र भारती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। साजिश के तहत दोनों ने हरेंद्र का फोटो भी घटनास्थल पर फेंक गए थे, जिससे पुलिस को लगे कि यहां पर देवेंद्र आया था और शक सी सुई उसकी तरफ मुड़ जाए। लेकिन पुलिस ने यक्ष ऐप के माध्यम से प्राप्त तकनीकी सहायता एवं सूचनाओं के आधार पर आज आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण का बयान
जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को भोरा कला थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित शिव मंदिर के पुजारी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान जीशान और हाशिम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, कुछ जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर बाइक बरामद की है। एसपी ग्रामीण के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि देवानंद भारती ने बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। इसी बात को लेकर आरोपियों का उनसे विवाद हुआ था।
इसके अलावा आरोपियों का अपने पड़ोसी हरेंद्र से भी किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हरेंद्र को फंसाने के लिए देवानंद भारती के साथ हुए विवाद को आधार बनाकर षड्यंत्र रचा और इसी के तहत उनकी हत्या कर दी। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट- योगेश त्यागी)
ये भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश में 19 अक्टूबर को रहेगी छुट्टी, CM योगी आदित्यनाथ ने महानवमी पर दिया लोगों को तोहफा