1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'साइकिल' पर सवार हो सकते हैं नसीमुद्दीन सिद्दीकी, यूपी चुनाव से पहले सपा को मिलने जा रहा बड़ा मुस्लिम चेहरा

'साइकिल' पर सवार हो सकते हैं नसीमुद्दीन सिद्दीकी, यूपी चुनाव से पहले सपा को मिलने जा रहा बड़ा मुस्लिम चेहरा

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 13, 2026 02:33 pm IST,  Updated : Feb 13, 2026 03:00 pm IST

यूपी में समाजवादी पार्टी का कुनबा बढ़ सकता है। पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी अपने समर्थकों के साथ जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं। पिछले महीने उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस में आने से पहले वह बसपा में थे।

पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी- India TV Hindi
पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी। फाइल फोटो Image Source : ANI

लखनऊः यूपी के कद्दावर मुस्लिम नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी जल्द ही समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते है। जानकारी के मुताबिक, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और समाजवादी पार्टी के बीच कई दौर बातचीत हो चुकी है। आज शाम चार बजे नसीमुद्दीन और समाजवादी पार्टी के नेताओ के बीच एक बार फिर बैठक होने वाली है, इसके बाद ज्वाइनिंग को लेकर आखिरी फैसला होगा।

पिछले महीने कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने 24 जनवरी को कांग्रेस से इस्तीफ़ा दिया था। नसीमुद्दीन कांग्रेस में प्रांतीय अध्यक्ष थे। पिछले दिनों रायबरेली जाने के लिए राहुल गांधी लखनऊ आये थे। एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को रिसीव करने के लिए नसीमुद्दीन को एंट्री नही मिली थी और नसीमुद्दीन को एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा था। इससे नाराज़ होकर नसीमुद्दीन ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। 

कांग्रेस से पहले बसपा में थे नसीमुद्दीन सिद्दीकी 

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अटकलें थी कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी बसपा में वापस लौट सकते हैं। नसीमुद्दीन काशीराम के ज़माने से बसपा में थे और  मायावती के काफी करीबी माने जाते थे। मायावती चार बार यूपी की मुख्यमंत्री बनीं और चारों बार नसीमुद्दीन सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। बाद में जब बसपा की सरकार नहीं रही तो मायावती और नसीमुद्दीन के बीच मनमुटाव हो गया। मायावती ने 2017 में नसीमुद्दीन को पार्टी से निकाल दिया था और 2018 में नसीमुद्दीन कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि नसीमुद्दीन ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है लेकिन अभी भी उनके व्हाट्सएप्प पर डीपी राहुल गांधी के साथ ही लगी है।

कौन हैं नसीमुद्दीन सिद्दीकी?

पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी बांदा जिले के स्योंढ़ा गांव के मूल निवासी हैं। सिद्दीकी ने साल 1988 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ अपने पॉलिटिकल करियर की शुरुआत की। वह 1991 में बसपा के टिकट पर बांदा सदर सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर काम किया और कहा जाता है कि वह उस समय की मुख्यमंत्री मायावती के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक थे। सिद्दीकी को 2017 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बसपा से निकाल दिया गया था। बसपा में सिद्दीकी का कद काफी बड़ा था और वह बसपा के सबसे बड़े मुस्लिम चेहरे थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।