1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन पर डिप्टी एसएस और लोको पायलट भिड़े, मारपीट में तीन घायल

न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन पर डिप्टी एसएस और लोको पायलट भिड़े, मारपीट में तीन घायल

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 11, 2026 10:56 am IST,  Updated : Oct 11, 2026 11:08 am IST

उत्तर प्रदेश के न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन पर गुड्स ट्रेन के क्रू बदलने को लेकर डिप्टी एसएस और लोको पायलट के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है।

Tundla- India TV Hindi
न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के टूंडला स्थित न्यू रेलवे स्टेशन (DFCCIL) गुड्स ट्रेन के क्रू बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। डिप्टी एसएस और लोको पायलट के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर दोनों पक्षों के कर्मचारी आमने-सामने आ गए। स्टेशन पर हुए हंगामे के दौरान तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि घटना का वीडियो बना रहे एक संविदा कर्मचारी पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। हंगामे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा और करीब 20 मिनट तक संचालन प्रभावित रहा।

क्रू बदलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन (DFCCIL) पर एक मालगाड़ी के क्रू को बदलने के मुद्दे पर डिप्टी एसएस और लोको पायलट के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। स्टेशन परिसर में अचानक हुए इस घटनाक्रम से कर्मचारियों के बीच अफरातफरी मच गई।

विवाद के दौरान वहां मौजूद एक संविदा कर्मचारी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उस पर पत्थर से हमला कर दिया गया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना में कुल तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी चोटों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

20 मिनट तक प्रभावित रहा रेल परिचालन

रेलवे स्टेशन पर मारपीट और हंगामे के कारण कामकाज प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक रेल परिचालन बाधित रहा। अचानक बिगड़े हालात के चलते स्टेशन पर तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के साथ मामले की जांच शुरू की। RPF के कंपनी कमांडर ने घटना की जांच किए जाने की बात कही है। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि शिकायत या तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाद की असल वजह, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और संविदा कर्मचारी पर हमले के आरोपों की जांच की जा रही है।

(रिपोर्ट: लवकुश शर्मा)

यह भी पढ़ें:

मगरमच्छ ने जबड़े में दबोचा… जान की परवाह किए बिना नदी में कूद पड़े 2 भाई, फिर जो हुआ वो फिल्मों जैसी कहानी है

मेरठ: हिंदू मॉडल को शादी का झांसा देकर 11 साल तक किया शोषण, अब धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।