1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कैफे बंद होने के बाद नुकसान हुआ तो प्रेमी जोड़ा बना चोर, रेकी कर बंद पड़े घरों को बनाते थे निशाना, 3 गिरफ्तार

कैफे बंद होने के बाद नुकसान हुआ तो प्रेमी जोड़ा बना चोर, रेकी कर बंद पड़े घरों को बनाते थे निशाना, 3 गिरफ्तार

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 02, 2026 07:29 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 07:38 pm IST

इस गैंग को महिला सोनाली लीड करती थी। वह अपने प्रेमी के साथ-साथ दूसरे साथी को बताया करती थी कि अगली रेकी और चोरी कब करनी है। तीनों मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi
आरोपी गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

कैफे के कारोबार में नुकसान होने के बाद अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले प्रेमी जोड़े और उनके एक साथी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हाईराइज सोसाइटी और मकानों की रेकी कर खासतौर पर बंद पड़े घरों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, ज्वेलरी और करीब 3.5 लाख रुपये कैश समेत चोरी का सामान बरामद किया है।

दिन के समय करते थे रेकी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीवाकर उसकी लिव-इन पार्टनर सोनाली और अन्य साथी इरफान के रूप में हुई है। सोनाली इस गैंग को लीड करती थी। वह दिन के समय इलाके की रेकी कर ऐसे मकानों की पहचान करती थी, जिनके बंद होने की जानकारी मिल सके। इसके बाद प्रेमी जोड़ा और उनका साथी इरफान मौका देखकर मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

गाजियाबाद से नोएडा तक चलाया कैफे

जांच में सामने आया कि दीवाकर और सोनाली ने पहले गाजियाबाद और फिर नोएडा में कैफे का कारोबार शुरू किया था। कारोबार में नुकसान होने के बाद कैफे बंद हो गया। इसके बाद दोनों के महंगे शौक और खर्चे पूरे नहीं हो पा रहे थे। इसी के बाद उन्होंने चोरी का रास्ता अपनाया और अपने साथ इरफान को जोड़कर गैंग बना लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की जीवनशैली भी काफी अलग थी। वे दिन में चोरी के लिए रेकी और वारदात करते थे, जबकि रात में रेस्तरां और बार में जाकर पार्टी करते थे। चोरी से मिले पैसों का इस्तेमाल अपने शौक और ऐशो-आराम पर करते थे।

बंद घरों को बनाते थे निशाना

गैंग का तरीका भी पुलिस जांच में सामने आया है। सोनाली पहले हाईराइज सोसाइटी और मकानों के आसपास घूमकर रेकी करती थी। वह यह पता लगाती थी कि कौन सा घर बंद है और वहां रहने वाले लोग बाहर गए हुए हैं। इसके बाद वह अपने साथियों को इसकी जानकारी देती थी। मौका मिलने पर दीवाकर, सोनाली और इरफान बंद मकानों में घुसकर मोबाइल, लैपटॉप, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। 

तीनों आरोपी गिरफ्तार

मामले का खुलासा नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप, ज्वेलरी और करीब 3.5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही चोरी के सामान और अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है।

राहुल ठाकुर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

"डीएम अंकल, एक पैर खराब हो चुका है, साइकिल दिलवा दीजिए", दिव्यांग छात्रा की मार्मिक अपील

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।