1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मंत्री बनने के बाद कार्यकर्ताओं से बोले ओपी राजभर, 'थाने में जाओ तो पीला गमछा ओढ़कर जाओ, दरोगा भी...'

मंत्री बनने के बाद कार्यकर्ताओं से बोले ओपी राजभर, 'थाने में जाओ तो पीला गमछा ओढ़कर जाओ, दरोगा भी...'

 Published : Mar 07, 2024 04:04 pm IST,  Updated : Mar 07, 2024 04:26 pm IST

मंगलवार 5 मार्च को योगी सरकार की कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद अब ओपी राजभर कार्यकर्ताओं के बीच में पहुंच रहे हैं। इस क्रम में बुधवार को उन्होंने एक जनसभा में खुद को सीएम योगी जितना पावरफुल बता दिया।

Uttar Pradesh, OP Rajbhar - India TV Hindi
ओपी राजभर Image Source : TWITTER

मऊ: एक लंबे इंतजार के बाद मंगलवार 5 मार्च को सुभासपा के प्रमुख ओपी राजभर को मंत्री बना दिया गया। मंत्री पद ग्रहण करने के बाद राजभर बुधवार को कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। इसी क्रम में ओपी राजभर मऊ जिले में पासी एवं शोषित वंचित समाज जागरण सम्मेलन नामक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।

सीएम योगी खुद बैठकर मुझे शपथ दिला रहे थे

इस दौरान उन्होंने खुद की तुलना सीएम योगी आदित्यनाथ से कर दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने बोला था या नहीं कि मंत्री बनेंगे। मैंने एकदम ललकार कर कहा था कि मंत्री बनेंगे और फिर बनकर दिखा भी दिया। आप लोगों ने देखा ही होगा कि खुद सीएम योगी बैठकर मुझे शपथ दिला रहे थे। आज जो पॉवर सीएम योगी के पास है, वही पॉवर मेरे पास भी है।"

अब किसी से दबने की जरुरत नहीं

ओपी राजभर ने कहा कि अब किसी से दबने की जरुरत नहीं है। आपको किसी भी थाने पर थोड़ी सी दिक्कत है तो वहां जाओ। इस दौरान आप सफ़ेद नहीं बल्कि पीला गमछा ओढ़कर जाना। बाजार में 20-25 रुपए का मिलेगा। जब आप पीला गमछा लगाकर थाने में जाओगे तो पुलिस वालों को आपकी शक्ल में ओमप्रकाश राजभर का चेहरा दिखाई देगा। यह पॉवर है और वहां जाकर बता देना कि मंत्रीजी ने भेजा है।

'मैं शोले फिल्म का गब्बर सिंह हूं'

इसके बाद वहां थाने में दरोगा के पास इतनी पॉवर तो है नहीं जो मंत्रीजी को फ़ोन करके पूछ सकें कि आपने भेजा है कि नहीं। एसपी-डीएम और डीजी को भी इतनी पॉवर नहीं है कि मुझे फ़ोन कर सके और पूछ सके कि आपने किसी को भेजा है कि नहीं। आज मैं जिस मुकाम पर पहुंच गया हूं, वहां मैं शोले फिल्म का गब्बर सिंह हूं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।