Tuesday, February 24, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में पीएम मोदी का परिवारवाद पर बड़ा हमला, कहा- 'कुछ लोग सत्ता हथियाने की कोशिश में लगे हैं'

वाराणसी में पीएम मोदी का परिवारवाद पर बड़ा हमला, कहा- 'कुछ लोग सत्ता हथियाने की कोशिश में लगे हैं'

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Apr 11, 2025 11:42 am IST, Updated : Apr 11, 2025 12:04 pm IST

वाराणसी में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास के बाद पीएम मोदी ने कहा कि काशी ने विरासत को संजोया है। उन्होंने कहा कि अब इलाज के लिए जमीन बेचने की जरूरत नहीं, अब इलाज के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं, अब इलाज के लिए दर-दर भटकने की जरूरत नहीं, आयुष्मान कार्ड से आपके इलाज का पैसा अब सरकार देगी।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
Image Source : X@BJP4INDIA प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

वाराणसीः वाराणसी में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी ने विरासत को संजोया है। पीएम ने कहा कि काशी मेरी और मैं काशी का हूं। काशी के सभी लोगों को विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी पुरातन नहीं, प्रगतिशील भी है। 

परिवारवाद को लेकर विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए परिवारवाद पर बड़ा हमला बोला। बिना नाम लिए पीएम मोदी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके लिए परिवार का साथ, परिवार के लिए विकास। हमारा मंत्र सबका साथ, सबका विकास। कुछ लोग सत्ता हथियाने की कोशिश में लगे हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी जैसे त्यागी, तपस्वी, महापुरुषों की प्रेरणा से ही देशसेवा का हमारा मंत्र रहा है, सबका साथ-सबका विकास। हम देश के लिए उस विचार को लेकर चलते हैं, जिसका समर्पित भाव है, सबका साथ-सबका विकास। जो लोग सत्ता हथियाने के लिए दिन रात-खेल खेलते रहते हैं, उनका सिद्धांत है, परिवार का साथ-परिवार का विकास। 

वाराणसी में किया जा रहा है विकास कार्यः मोदी 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 10 वर्षों में बनारस के विकास ने एक नई गति पकड़ी है। काशी ने आधुनिक समय को साधा है, विरासत को संजोया है और भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखे हैं। आज ​काशी सिर्फ पुरातन नहीं, प्रगतिशील भी है। 10-11 साल पहले, पूरे पूर्वांचल में इलाज को लेकर जो परेशानियां थीं, वो भी हम जानते हैं। आज स्थितियां अलग हैं, मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है। दिल्ली-मुंबई के बड़े-बड़े अस्पताल आज आपके घर के पास आ गए हैं। यही तो विकास है, जहां सुविधाएं लोगों के पास आती हैं।

काशी के विकास कार्यों की लोग करते हैं तारीफ

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज काशी होकर जो भी जाता है, वो यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर की, यहां की सुविधाओं की बहुत प्रशंसा करता है। हर दिन लाखों लोग बनारस आते हैं, बाबा विश्वनाथ का दर्शन करते हैं, मां गंगा में स्नान करते हैं। हर यात्री कहता है- बनारस, बहुत बदल गया है। जब आपने हमें तीसरी बार आशीर्वाद दिया, तब हमने भी सेवक के रूप में स्नेह स्वरूप अपने कर्तव्य को निभाया है।  मेरी गारंटी थी, बुजुर्गों का इलाज मुफ्त होगा, इसकी का परिणाम है, आयुष्मान वय वंदना योजना। ये योजना बुजुर्गों के इलाज के साथ ही उनके सम्मान के लिए है।

पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि आज भारत, दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। 10 साल में, दूध के उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत वृद्धि  हुई है। ये सफलता देश के करोड़ों किसानों की है, देश के पशुपालक भाइयों की है। ये सफलता एक दिन में नहीं मिली है, बीते 10 वर्षों से हम देश के पूरे डेयरी सेक्टर को मिशन मोड से आगे बढ़ा रहे हैं। हमने पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी है, उनके लिए लोन की सीमा बढ़ाई है, सब्सिडी की व्यवस्था की है और खुरपका और मुंहपका से पशुधन को बचाने के लिए मुफ्त वैक्सीन प्रोग्राम चलाया जा रहा है।

 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement