1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'परहित अर्पित अपना तन-मन...' पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की कविता सुनाते हुए PM मोदी ने क्या-क्या कहा?

'परहित अर्पित अपना तन-मन...' पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की कविता सुनाते हुए PM मोदी ने क्या-क्या कहा?

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Dec 25, 2025 03:57 pm IST,  Updated : Dec 25, 2025 04:26 pm IST

पीएम मोदी ने लखनऊ में लगभग 230 करोड़ की लागत से बने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। देखिए अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?

pm modi lucknow speech- India TV Hindi
पीएम मोदी ने लखनऊ में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। Image Source : NARENDRA MODI/YOUTUBE

लखनऊ: 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में ऐतिहासिक राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया, जिसमें BJP के विचारकों श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं लगाई गई हैं। बता दें कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को चिरस्थायी राष्ट्रीय महत्व के प्रेरणादायक परिसर के तौर पर डेवलप किया गया है। 65 एकड़ में फैला राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से बना है। यहां कमल के आकार का अत्याधुनिक संग्रहालय भी है, जो करीब 98 हजार वर्ग फुट में फैला हुआ है। इस आर्टिकल में समझिए PM मोदी ने लखनऊ की जनसभा में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के मौके पर क्या-क्या कहा?

- पीएम मोदी ने कहा, '25 दिसंबर का यह दिन देश की दो महान विभूतियों के जन्म का अद्भुत सुयोग लेकर भी आता है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी, भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय जी, इन दोनों महापुरुषों ने भारत की अस्मिता, एकता और गौरव की रक्षा की और राष्ट्र निर्माण में अपनी अमिट छाप छोड़ी।'

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज लखनऊ की यह भूमि एक नई प्रेरणा की साक्षी बन रही है। इसकी विस्तार से चर्चा करने से पहले मैं देश और दुनिया को क्रिसमस की शुभकामनाएं देता हं। भारत में भी करोड़ों ईसाई परिवार क्रिसमस का उत्सव मना रहे हैं। यह उत्सव सभी के जीवन में खुशियां लाए।

- पीएम मोदी ने कहा, 'आज 25 दिसंबर को ही महाराजा बिजली पासी जी की भी जन्म जयंती है। महाराजा बिजली पासी जी ने वीरता, सुशासन और समावेश की जो विरासत छोड़ी, उसे हमारे पासी समाज ने गौरव के साथ आगे बढ़ाया है। यह भी एक संयोग ही है कि अटल जी ने वर्ष 2000 में महाराजा बिजली पासी जी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। मैं इस महान दिन पर महामना मालवीय जी, अटल जी और महाराजा बिजली पासी जी को श्रद्धापूर्वक नमन और वंदन करता हूं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल, उस सोच का प्रतीक है, जिसने भारत को आत्मसम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया है।'

- प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस जमीन पर यह प्रेरणा स्थल बना है, उसकी 30 एकड़ से भी ज्यादा जमीन पर पहले कूड़े का पहाड़ बना हुआ था। पिछले तीन वर्षों में इसे पूरी तरह समाप्त किया गया। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी श्रमिकों, कारीगरों, योजनाकारों, योगी जी और उनकी पूरी टीम को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

- पीएम मोदी ने कहा, 'बीते दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को परास्त किया है, गरीबी को हराया है। यह तभी संभव हुआ, क्योंकि भाजपा सरकार ने जो पीछे छूट गया था, उसे प्राथमिकता दी, जो अंतिम पंक्ति में था उसे प्राथमिकता दी। 2014 से पहले, करीब 25 करोड़ देशवासी ऐसे थे, जो सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में थे। आज करीब 95 करोड़ भारतीय इस सुरक्षा कवच के दायरे में हैं।'

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज अटल जी की जयंती का यह दिन, सुशासन के उत्सव का भी दिन है। लंबे समय तक देश में 'गरीबी हटाओ' जैसे नारों को ही सुशासन मान लिया गया था, लेकिन अटल जी ने सही मायनों में सुशासन को जमीन पर उतारा। आज डिजिटल पहचान की इतनी चर्चा होती है, उसकी नींव रखने का काम अटल जी की सरकार ने ही किया था।

- PM मोदी ने कहा, 'हमारे यहां दशकों तक आदिवासियों के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया गया। हमारी सरकार ने ही भगवान बिरसा मुंडा का भव्य स्मारक बनवाया। अभी कुछ सप्ताह पहले ही छत्तीसगढ़ में शहीद नारायण सिंह आदिवासी म्यूजियम का निर्माण हुआ है। उत्तर प्रदेश में महाराजा सुहेलदेव का स्मारक भाजपा सरकार में बना। यहां निषादराज और प्रभु श्रीराम की मिलन स्थली को अब जाकर मान-सम्मान मिला।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।