1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा...', जब पीएम मोदी ने कनपुरिया भाषा में पाकिस्तान को धमकाया

'दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा...', जब पीएम मोदी ने कनपुरिया भाषा में पाकिस्तान को धमकाया

 Published : May 30, 2025 03:44 pm IST,  Updated : May 30, 2025 06:46 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर की धरती से एक बार फिर दुश्मन देश पाकिस्तान को चेताया है। पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।

कानपुर में पीएम मोदी- India TV Hindi
कानपुर में पीएम मोदी Image Source : INDIA TV GFX

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के कानपुर में 47,600 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कानपुर पहुंचने पर पीएम मोदी ने पहगलाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी से भी मुलाकात की। साथ ही पीएम मोदी ने कानपुर की धरती से पाकिस्तान को धमकाया भी है। पीएम मोदी ने कनपुरिया भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, 'दुश्मन कहीं भी हो, हौंक दिया जाएगा।'

जब पीएम मोदी ने बोली कनपुरिया भाषा

कानपुर पहुंचने पर पीएम मोदी ने कहा, 'मैं सीधे-सीधे कनपुरिया में कहूं कि दुश्मन कहीं भी हो, हौंक दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों और मेक इन इंडिया की ताकत भी देखी है।  हमारे भारतीय हथियारों ने और ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई है।  जहां टारगेट तय किया, वहां धमाके किए गए। ये ताकत हमें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है।'

पाकिस्तान को युद्ध रोकने की मांग पर होना पड़ा मजबूर

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने सैकड़ों मील अंदर जाकर तबाह कर दिए। हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम दिखाया कि पाकिस्तानी सेना को युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा। पीएम मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की धरती से सेना के इस शौर्य को बार-बार सलाम करता हूं।

आतंक के खिलाफ लड़ाई में ये 3 सूत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र तय किए हैं।

  1. भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा, उसका समय, तरीका और शर्तें हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी।
  2. भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा।
  3. आतंक के आका और आतंक की सरपरस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा।

 

ऑपरेशन सिंदूर के रूप में देखा दर्द और गुस्सा

पीएम मोदी ने कहा, 'यह विकास कार्यक्रम 24 अप्रैल को होना था, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के कारण मुझे अपना कानपुर दौरा रद्द करना पड़ा। पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी ने भी अपनी जान गंवाई। बेटी ऐशान्या का दर्द और गुस्सा हम सबने महसूस किया है। हमारी बेटियों का दर्द और गुस्सा दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के रूप में देखा।' 

क्यों चलाया जा रहा आत्मनिर्भर भारत? 

पीएम मोदी ने कहा, 'हमें यह ताकत 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन से मिली है। एक समय था जब भारत अपनी सुरक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। हमने इसे बदलने की दिशा में काम किया। हमारे देश के लिए अपनी रक्षा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है, न सिर्फ अर्थव्यवस्था के लिए बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान के लिए भी। इसलिए हम 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान चला रहे हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।