1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अतीक खत्म हुआ पर खौफ अभी जिंदा है! माफिया के खास गुर्गे ने जेल से मांगी 50 लाख की रंगदारी

अतीक खत्म हुआ पर खौफ अभी जिंदा है! माफिया के खास गुर्गे ने जेल से मांगी 50 लाख की रंगदारी

 Reported By: Imran Laeek Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 15, 2023 02:13 pm IST,  Updated : Jun 15, 2023 02:13 pm IST

माफिया अतीक की धूमनगंज और मारिया डीह सहित तमाम सटे हुए इलाको में गुंडागर्दी आबिद और फराहन के बल पर ही चलती थी लेकिन प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद दोनों भाइयों सहित तमाम गुर्गो पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया था।

atiq gang- India TV Hindi
अतीक के गुर्गों ने जेल से 50 लाख की रंगदारी मांगी Image Source : INDIA TV

प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद और उसके अशरफ भाई की मौत के बाद अब अतीक के करीबियों पर जहां पुलिस शिकंजा कस रही है वहीं, अतीक के गुर्गों का रंगदारी का बिजनेस अब भी बंद नहीं हुआ है। अब चित्रकूट जेल में बंद कुख्यात अपराधी और अतीक के खास गुर्गे फरहान और आबिद प्रधान ने फोन पर प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद अशरफ सिद्दीकी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। प्रयागराज के धूमन गंज के हवारा में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर अशरफ ने बताया कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई है। बता दें कि यह मामला पिछले महीने की 28 तारीख का है लेकिन पीड़ित ने कल मुकदमा दर्ज कराया है।

बुलडोजर से ध्वस्त हुए थे आबिद और फरहान के आलीशान घर

पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर मारिया डीह के रहने वाले अतीक के गुर्गे आबिद प्रधान उसके भाई फरहान, फैज़ान, अबू बकर, जावेद ,कमर हसन, जीशान और दानिश पर धारा 147, 386, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसमें आबिद प्रधान और उसका भाई फरहान अतीक अहमद के खास गुर्गे थे। ये दोनों धूमनगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर है और गैंगस्टर एक्ट में भी इनके ऊपर कार्रवाई हो चुकी है। विकास प्राधिकरण ने इन दोनों भाइयों के आलीशान घरों को बुलडोजर से ध्वस्त किया था। आबिद इस वक्त कई मामलों में जमानत पर बाहर है जबकि इसका भाई फरहान जेल में बंद है। दोनों पर लगभग 30 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों भाइयों पर बसपा विधायक राजू पाल हत्या कांड में शामिल होने का भी आरोप है।

यह भी पढ़ें-

आबिद और अतीक के रिश्तों में खटास क्यों आई?
माफिया अतीक की धूमनगंज और मारिया डीह सहित तमाम सटे हुए इलाको में गुंडागर्दी इन दोनों भाइयों के बल पर ही चलती थी लेकिन प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद आबिद फरहान सहित तमाम गुर्गो पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया था। बाद में आबिद के दामाद ज़ैद खालिद को अतीक ने जब देवरिया जेल में अगवा करके पीटा तो आबिद और अतीक के रिश्तों में खटास आ गई फिर ज़ैद ने अतीक अशरफ और उसके करीबियों पर अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया था। अब अतीक अशरफ की हत्या हो जाने के बाद दोनों भाइयों ने फिर से रंगदारी का खेल शुरू कर दिया। हालांकि आरोपी पक्ष के लोग आरोपो को बेबुनियाद बता रहे हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।