1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. झाड़-फूंक के नाम पर किशोरी से मारपीट, पुजारी ने चोटी पकड़कर पीटा, गर्दन पर रखा गंडासा

झाड़-फूंक के नाम पर किशोरी से मारपीट, पुजारी ने चोटी पकड़कर पीटा, गर्दन पर रखा गंडासा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 06, 2026 07:24 pm IST,  Updated : Apr 06, 2026 07:24 pm IST

हरदोई में झाड़-फूंक के नाम पर एक किशोरी के साथ पुजारी ने मारपीट की। इस दौरान उसने किशोरी की चोटी पकड़कर मारपीट की और उसके गर्दन पर गंडासा भी रगड़ा।

पुजारी ने किशोरी के साथ की मारपीट।- India TV Hindi
पुजारी ने किशोरी के साथ की मारपीट। Image Source : REPORTER INPUT

हरदोई: जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नई बस्ती गांव में झाड़-फूंक के नाम पर एक नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट की गई। तांत्रिक ने न सिर्फ किशोरी की चोटी पकड़कर मारपीट की बल्कि उसकी गर्दन पर गंडासा भी रखकर रगड़ा। वहीं घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर पुजारी और उसके पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मां ही लेकर गई थी पुजारी के पास

दरअसल, पचदेवरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपनी 13 वर्षीय बेटी को एक पुजारी के पास ले गई। एक अप्रैल को नई बस्ती गांव में पुजारी परमेश्वरदीन शर्मा ने झाड़-फूंक की। आरोप है कि पुजारी ने महिला को अलग कर दिया और किशोरी के साथ झाड़-फूंक के दौरान बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान पुजारी के पुत्र संजेश और मंजेश ने भी बच्ची को थप्पड़ और घूंसे मारे। मिली जानकारी के अनुसार जब बच्ची ने शोर मचाया तो मां उसे बचाने पहुंची, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना में किशोरी को चोटें आई हैं।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कथित पुजारी चोटी पकड़कर किशोरी के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है और उसके गले पर धारदार गंडासा रगड़ कर झाड़-फूंक करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जाएगा। (इनपुट- राम श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

केजरीवाल की याचिका पर HC में हुई सुनवाई, CBI को नोटिस जारी, 13 अप्रैल को अगली तारीख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।