1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पीएम मोदी कब करेंगे उद्घाटन? सामने आई तारीख, सीएम योगी ने आज लिया जायजा

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पीएम मोदी कब करेंगे उद्घाटन? सामने आई तारीख, सीएम योगी ने आज लिया जायजा

 Published : Mar 22, 2026 04:56 pm IST,  Updated : Mar 22, 2026 05:01 pm IST

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तैयारियां अपने अंतिम चरण पर हैं। सीएम योगी ने आज एयरपोर्ट पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया है। पीएम मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पीएम मोदी- India TV Hindi
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पीएम मोदी Image Source : WWW.NIAIRPORT.IN AND PTI

नोएडा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अब जल्द ही उड़ानें शुरू होने वाली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इसके मद्देनजर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा पहुंचे। मुख्यमंत्री दोपहर में हेलीकॉप्टर से जेवर स्थित हवाई अड्डा पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्घाटन समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

जेवर एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस, यमुना प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने व्यापक तौर पर तैयारियां की थीं। सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ से हवाई मार्ग से गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डा पहुंचे, जहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे। 

तैयारियों का लिया जायजा

इस बैठक में अधिकारियों ने समारोह की रूपरेखा, सुरक्षा योजना, जनसभा में आने वाले लोगों की संभावित संख्या और बैठने की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। 

सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई जांच

मुख्यमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह भी गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। उन्होंने हवाई अड्डा परिसर और जनसभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

पार्किंग व्यवस्था को भी देखने पहुंचे सीएम योगी

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसभा के लिए पार्किंग व्यवस्था का सुव्यवस्थित मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। 

ये बड़े अधिकारी भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेघा रूपम, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस्टोफ श्रेलमैन और सीओओ किरण जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।