1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के सुल्तानपुर में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

यूपी के सुल्तानपुर में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 25, 2026 11:01 pm IST,  Updated : Mar 25, 2026 11:13 pm IST

सुल्तानपुर में प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस- India TV Hindi
जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस Image Source : REPORTER

सुल्तानपुरः यूपी में सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान माता प्रसाद पांडेय के रूप में हुई है, जो जमीन की खरीद-बिक्री (प्रॉपर्टी डीलिंग) का काम करते थे।

स्कार्पियो से उतरते ही हमलावरों ने पीछे से मारी गोली

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:45 बजे वह कुड़वार कस्बे के नरवापार स्थित कमला इंडियन गैस सर्विस पर अपनी स्कॉर्पियो से उतरे ही थे कि अज्ञात हमलावरों ने उन पर पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया हालांकि, एम्बुलेंस में ले जाते समय ही उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी सिटी सौरभ सामंत सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, मृतक को पीछे से गोली मारी गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर सीधा आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन घटना के विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मृतक की पत्नी का पूर्व में निधन हो चुका है और उनके दो बेटे व एक बेटी हैं। वर्ष 2023 में वह एक अन्य मामले में जेल भी जा चुके थे।

रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव, सुल्तानपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।