1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मां का किसी और से है संबंध', बेटी ने चाचा को बताया तो 6 महीने बाद कब्र से निकाला गया मृतक पिता का शव-VIDEO

'मां का किसी और से है संबंध', बेटी ने चाचा को बताया तो 6 महीने बाद कब्र से निकाला गया मृतक पिता का शव-VIDEO

 Published : Dec 01, 2025 10:43 pm IST,  Updated : Dec 01, 2025 10:49 pm IST

31 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में सलमान की मौत हुई थी। इसके बाद शव को कब्र में दफना दिया गया था। वहीं, अब मौत की वजह जानने के लिए 6 महीने बाद कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कब्र खोद कर निकाला गया शव- India TV Hindi
कब्र खोद कर निकाला गया शव Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार को एक पुराना मामला अचानक सुर्खियों में आ गया, जब प्रशासन के आदेश पर करीब 6 महीने पहले दफनाए गए एक व्यक्ति का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दरअसल, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के सलमान की 31 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय परिवार ने शव के रंग बदलने की बात सुनकर जल्दबाजी में दफन कर दिया था।

बेटी के बयान के बाद परिवार का शक गहराया

मामला में तब नया मोड़ आ गया, जब मौत के 26 दिन बाद मृतक की 13 वर्षीय बेटी ने अपने बड़े चाचा को बताया कि उसकी मां का किसी और से संबंध है। इसी कारण घर में अक्सर झगड़े होते थे। बच्ची के इस बयान के बाद परिवार को शक और गहरा हो गया। 

पत्नी ने ही दिया जहर, मृतक के भाई ने लगाया आरोप

मृतक के भाई सरफराज ने आरोप लगाया कि सलमान की पत्नी ने ही उसे जहर देकर मारने का षड्यंत्र रचा और इसे सामान्य मौत बताकर जल्दी दफन करवा दिया। परिजनों ने लगातार प्रशासन से मामले की जांच और पोस्टमार्टम की मांग की। 

कब्र खोदकर शव को निकाला गया बाहर

इसके बाद एसडीएम के आदेश पर सोमवार को कब्र खोदकर शव निकाला गया। सलमान की शादी 14 साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। परिवार का आरोप है कि पत्नी के पहले भी अवैध संबंध रहे। इसके चलते घरेलू विवाद बढ़ते जा रहे थे। हालांकि, ये सभी आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का चलेगा पता

पुलिस ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

रिपोर्ट- ख़ालिद हसन, सहारनपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।