1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विधायक पूजा पाल को अखिलेश यादव ने सपा से किया निष्कासित, CM योगी की तारीफ की थी

विधायक पूजा पाल को अखिलेश यादव ने सपा से किया निष्कासित, CM योगी की तारीफ की थी

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 14, 2025 02:25 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 02:48 pm IST

सपा विधायक पूजा पाल यूपी विधानसभा में सीएम योगी की तारीफ करते हुए नजर आईं थीं। पूजा पाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Pooja pal- India TV Hindi
विधायक पूजा पाल Image Source : PTI

प्रयागराज के चायल से विधायक पूजा पाल को अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बता दें कि यूपी विधानसभा में विज़न डॉक्यूमेंट 2047 को पर चर्चा चल रही थी। इस चर्चा के दौरान कई अलग रंग देखने को मिले। सपा विधायक पूजा पाल सीएम योगी की तारीफ करते हुए नजर आईं। पूजा पाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूजा पाल ने CM योगी की तारीफ में क्या कहा था?

यूपी विधानसभा में 'विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर 24 घंटे चली मैराथन चर्चा को संबोधित करते हुए, समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियां लागू करके मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया, जिसके कारण अतीक अहमद जैसे अपराधी मारे गए। सब जानते हैं कि मेरे पति की हत्या किसने की... मैं मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात तब सुनी जब किसी और ने नहीं सुनी।''

देखें वीडियो-

आगे उन्होंने कहा, "आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे से देखता है... मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया... मैंने तब आवाज़ उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता... जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया।"

शादी के 9 दिन बाद हुई थी राजू पाल की हत्या

आपको बता दें कि विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या अतीक अहमद के गुर्गों ने की थी। राजू पाल की हत्या उनकी शादी के महज 9 दिन बाद ही कर दी गई थी। बताया जाता है कि इस हत्या के पीछे की वजह चुनावी रंजिश थी। साल 2004 में राजू पाल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ को चुनाव में हरा दिया था और इसी वजह से राजू पाल की हत्या कर दी गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।