1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मामी से निकाह की जिद में खून! संभल में पति ने बच्चों के सामने पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या की

मामी से निकाह की जिद में खून! संभल में पति ने बच्चों के सामने पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या की

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 16, 2026 06:58 pm IST,  Updated : Mar 16, 2026 07:21 pm IST

संभल में मामी से निकाह की जिद में एक पति ने अपनी पत्नी को चार बच्चों के सामने ही बेहरमी से हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। आरोपी ने खुद को भी कैंची मारकर आत्महत्या की कोशिश की,लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

संभल में मर्डर- India TV Hindi
संभल में मर्डर Image Source : REPORTER INPUT

संभल: संभल जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मामी से निकाह की जिद में एक पति ने अपनी पत्नी को चार बच्चों के सामने ही बेहरमी से हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने खुद को भी कैंची मारकर आत्महत्या की कोशिश की,लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आशा वर्कर थी मृतका

यह सनसनीखेज वारदात संभल कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशनदास सराय गांव में हुई। मृतका की पहचान नजमा (38) के रूप में हुई है,जो आशा वर्कर के रूप में काम कर अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी। वहीं आरोपी शौहर मोहम्मद नफीस (40) पेशे से मेडिकल स्टोर संचालक बताया जा रहा है।

आरोपी का अपनी मामी के साथ था अफेयर

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक नफीस का अपनी ही मामी के साथ पिछले करीब तीन साल से अफेयर चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो साल पहले हालात इतने बिगड़ गए कि नजमा अपने चार बच्चों के साथ पति का घर छोड़कर मंडी किशनदास सराय क्षेत्र के एक गांव में किराए के मकान में रहने लगी थी। वहीं उसे छह माहीने बाद आशा वर्कर की नौकरी मिल गई और वह बच्चों का भरण-पोषण करने लगी।

कई महीने से तलाक देने का बना रहा था दबाव 

बताया जा रहा है कि नफीस पिछले कई महीनों से नजमा पर तलाक देने का दबाव बना रहा था,ताकि वह अपनी मामी से निकाह कर सके। लेकिन नजमा इसके लिए तैयार नहीं थी। रविवार रात मेडिकल स्टोर बंद करने के बाद नफीस इफ्तार कर पत्नी से बातचीत करने उसके घर पहुंचा। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों के बीच तलाक और मामी से संबंध को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में नफीस ने घर में रखी कैंची उठाकर नजमा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीन वार करते ही नजमा लहू-लुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर उसकी मौत हो गई। ये खौफनाक मंजर चारों बच्चों की आंखों के सामने घटित हुआ ऐसा कहा जा रहा है।

आरोपी ने खुदकुशी की कोशिश की

घटना के बाद नफीस ने खुदकुशी की भी कोशिश की। उसने खुद को भी कैंची मारकर जान देने की कोशिश की,लेकिन शोर सुनकर पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से खून से सनी कैंची बरामद कर ली है। नजमा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जबकि गंभीर रूप से घायल नफीस को इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक जांच के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का बयान

इस मामले में इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह का कहना है कि हत्यारोपी पति को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेज दिया है। खून से सनी कैंची बरामद कर फिंगर प्रिंट के लिए फोरेंसिक लैब भेज दी है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद घटना का खुलासा किया जाएगा। विधिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट-रोहित व्यास, संभल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।