1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में दिल दहलाने वाला मामला, मुस्लिम से हिंदू बनी थी बेटी, पड़ोसियों के उत्पीड़न और हमले में गंवाई जान

कानपुर में दिल दहलाने वाला मामला, मुस्लिम से हिंदू बनी थी बेटी, पड़ोसियों के उत्पीड़न और हमले में गंवाई जान

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 07, 2026 10:56 am IST,  Updated : Aug 07, 2026 10:56 am IST

कानपुर में एक परिवार ने प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन के बाद पड़ोसियों पर लगातार प्रताड़ना, मारपीट और धमकियां देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बेटी के हिंदू धर्म अपनाने के बाद से उन पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है।

DCP South Office- India TV Hindi
डीसीपी साउथ कार्यालय में पहुंचे पीड़ित Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी एक परिवार ने प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन के बाद लगातार प्रताड़ना झेलने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित परिवार डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी के हिंदू धर्म अपनाने के बाद से पड़ोसी लगातार धमकी, मारपीट और दबाव बना रहे हैं।

2018 में प्रेम विवाह के बाद बदली जिंदगी

परिवार के मुखिया रशीद अहमद के मुताबिक, उनकी बड़ी बेटी हिना ने वर्ष 2018 में आवास विकास क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद उसने हिंदू धर्म अपना लिया। आरोप है कि इसके बाद से कुछ पड़ोसी उस पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर परिवार को कई बार हिंसा का सामना करना पड़ा।

हमले में घायल बेटी की इलाज के दौरान मौत

रशीद अहमद का आरोप है कि 5 सितंबर 2021 को पड़ोसियों ने उनके घर पर हमला और पथराव किया। इस घटना में उनकी बेटी गुलफ्शां गंभीर रूप से घायल हो गई थी। करीब 15 दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि उस समय शिकायत के बावजूद आरोपियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

2022 में बेटे का हाथ टूटा, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस

परिवार का दावा है कि 16 अक्टूबर 2022 को फिर हमला हुआ, जिसमें उनके बेटे का हाथ टूट गया। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।

4 अगस्त को फिर हमला, पुलिस पर अनदेखी का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि 4 अगस्त को पड़ोसियों और उनके साथियों ने बेटे कासान के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी पीटा गया। परिवार का कहना है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

डीसीपी साउथ ने जांच के दिए आदेश

गुरुवार को परिवार ने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। डीसीपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

'समधी ने की 25 शादी, ठगे 600 करोड़', रोते हुए विधायक ने कहा-उसे फांसी दे दो, जानें पूरा मामला

रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।