Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लव, ड्रिंक और धोखा: जब शराब चोरी केस में 'बबली' ने 'बंटी' को फंसाया, CCTV से बच न पाया ये प्रेमी जोड़ा-VIDEO

लव, ड्रिंक और धोखा: जब शराब चोरी केस में 'बबली' ने 'बंटी' को फंसाया, CCTV से बच न पाया ये प्रेमी जोड़ा-VIDEO

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Nov 07, 2025 04:54 pm IST, Updated : Nov 07, 2025 10:28 pm IST

शराब चोरी केस में दुकानदार ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो उसके होश उड़ गए। उसके दुकान से महंगी शराब की बोतल चुराने में ये प्रेमी जोड़ा शामिल था। पुलिस की टीम आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपी लड़की की तलाश की जा रही है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

अपराध की दुनिया कभी-कभी बॉलीवुड की स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ देती है। कानपुर के व्यस्ततम साउथ एक्स मॉल में स्थित एक प्रीमियम शराब की दुकान ने पिछले कई महीनों से एक रहस्यमयी 'चोर जोड़ी' को अपनी शिकार बनाया हुआ था। यह जोड़ी कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि एक प्रेमी युगल था, जो फिल्म 'बंटी और बबली' की तर्ज पर बिल्कुल प्लान्ड तरीके से वारदात को अंजाम दे रहा था। लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और एक दिन उनका 'परफेक्ट क्राइम' समझा जाने वाला सीन फिल्मी क्लाइमेक्स की तरह ध्वस्त हो गया।

हजारों रुपये की महंगी विदेशी शराब गायब

कहानी की शुरुआत होती है, जूही सफेद कॉलोनी के रहने वाले नबील और बर्रा क्षेत्र की श्रेया शर्मा से। दोनों की मुलाकात कैसे हुई, यह तो पुलिस को भी नहीं पता, लेकिन इनका 'लव एट फर्स्ट साइट' किदवई नगर के ग्लोबल वाइन्स स्टोर में ही हुआ लगता है। दुकान मालिक राघवेंद्र पांडेय पिछले कई महीनों से परेशान थे। हर स्टॉक चेक करने पर हजारों रुपये की महंगी विदेशी शराब गायब मिलती। ब्लू लेबल, जैक डेनियल, बकार्डी जैसी प्रीमियम ब्रांड की बोतलें हवा हो जातीं। पहले तो लगा कि कोई स्टाफ ही हाथ साफ कर रहा है, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो सामने आया एक शातिर प्रेमी जोड़े का रचाया हुआ ये सारा खेल है।

दंपति की तरह घुसते थे दोनों दुकान में

इनका चोरी करने का तरीका बेहद फिल्मी और चालाकी से भरा हुआ था। दोनों दंपति की तरह दुकान में घुसते। नबील काउंटर पर जाता, एक साधारण सी बोतल चुनता और उसका पूरा पेमेंट करता। इसी बीच श्रेया, जो हमेशा ढीले-ढाले लेकिन स्टाइलिश कपड़े पहनकर आती, बड़ी सफाई से दूसरी महंगी बोतल अपने बैग या कपड़ों में छिपा लेती। बिलिंग के समय नबील ध्यान भटकाता, श्रेया माल समेटती और दोनों बाहर निकलकर एक के पैसे में दो बोतलों का मजा लेते हुए गायब। यह सिलसिला महीनों तक चलता रहा। दुकान के कर्मचारी हैरान कि बोतलें कहां गायब हो रही हैं।

बाहर निकलते ही दुकान के कर्मचारियों ने पकड़ लिया

लेकिन हर चोर की एक गलती होती है, जो उसे कहीं न कहीं अपनी सही जगह पहुँचा देती है ऐसा ही इस प्रेमी युगल के साथ हुआ। जब सोमवार, 3 नवंबर की शाम को यह जोड़ी फिर उसी आत्मविश्वास के साथ दुकान में दाखिल हुई। नबील ने काउंटर पर ओल्ड मंक रम की बोतल रखी और पेमेंट किया। श्रेया ने पास की शेल्फ से बकार्डी लेमन रम की बोतल उठाई और अपने बड़े बैग में सरका ली। बाहर निकलते ही दुकान के अलर्ट कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया। पूछताछ शुरू हुई तो ड्रामा शुरू हो गया।

स्कूटी स्टार्ट कर फरार हो गई लड़की

श्रेया ने पलक झपकते ही चोरी की बोतल नबील के हाथ में पकड़ा दी और बोली, "ये तुम्हारी है!" इसके बाद अपनी स्कूटी स्टार्ट की और देखते-देखते मौके से धुएं का गुबार छोड़कर फरार हो गई। बेचारा नबील दो बोतलों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया एक का बिल, दूसरी चोरी की। कर्मचारियों ने तुरंत जूही थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नबील को हिरासत में लिया।

आरोपी नबील ने पुलिस को बताई पूरी सच्चाई

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी नबील ने टूटकर सारी कहानी उगल दी। उसने श्रेया शर्मा का पूरा नाम, पता और यहां तक कि दोनों के रिश्ते की डिटेल भी बता दी। पुलिस ने नबील के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया। अब पुलिस की टीमें बर्रा क्षेत्र में श्रेया शर्मा की तलाश कर रही हैं। उसके घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार है। पुलिस को शक है कि वह शहर छोड़कर भाग सकती है।

महीनों से हो रहा था घाटा

चोरी की वारदात के बाद दुकान मालिक राघवेंद्र पांडेय ने बताया की "महीनों से हम बड़ा घाटा सह रहे थे। सीसीटीवी में जो फुटेज मिले, उससे साफ था कि ये कोई प्रोफेशनल चोर नहीं, बल्कि एक प्रेमी जोड़ा है। लेकिन लड़की का भागना और लड़के को फंसाना, ये तो फिल्म से भी आगे की बात है।" पुलिस अब दोनों के पिछले रिकॉर्ड खंगाल रही है। क्या ये पहली बार था या पहले भी कहीं और वारदात कर चुके हैं, यह भी जांच का विषय है।

आरोपी श्रेया की होनी है गिरफ्तारी

फिलहाल कानपुर पुलिस के लिए यह मामला सिर्फ चोरी का नहीं, बल्कि 'लव, बिट्रेयल एंड क्राइम' का मिश्रण बन चुका है। श्रेया शर्मा की गिरफ्तारी होते ही इस कहानी का अगला चैप्टर खुलेगा। तब तक साउथ एक्स मॉल का यह शराब स्टोर फिर से सुर्खियों में बना हुआ है । इस बार चोरी की वजह से नहीं, बल्कि एक टूटे दिल और फरार 'बबली' की वजह से।

ट्रेस नहीं हो पा रही है श्रेया की लोकेशन

घटना पर पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में श्रेया की गिरफ्तारी की जाएगी, पुलिस की टीम बंटी बबली के इस जोड़ी के फ़िल्मी कहानी का ये पार्ट जल्द खत्म करेंगे। नबील द्वारा बताया गया दूसरी आरोपी श्रेया का नम्बर अभी स्विच ऑफ है, जिसकी वजह से लोकेशन ट्रेस नही हो पा रही है ।

अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement