उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से अंधविश्वास और पारिवारिक प्रताड़ना का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव में एक महिला को कथित रूप से 'डायन' बताकर मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। अंधविश्वास के चलते पीड़ित परिवार का जीना मुहाल हो गया है, जिसके बाद अब पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
सगे भाई और भाभी पर लगा प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित महेंद्र प्रजापति ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उनके बड़े भाई विनोद प्रजापति, उनकी पत्नी उर्मिला देवी और परिवार के कुछ अन्य सदस्य पिछले कई महीनों से उनकी पत्नी सरिता को 'डायन' कहकर अपमानित कर रहे हैं। इस झूठे और अपमानजनक आरोप के कारण सरिता को लगातार मानसिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा है, जिससे पूरे परिवार का सामाजिक जीवन प्रभावित हुआ है।
जादू-टोने का शक और मारपीट का प्रयास
शिकायत के अनुसार, आरोपी परिवार अपनी एक बच्ची की बीमारी का जिम्मेदार सरिता को ठहरा रहे हैं। उनका आरोप है कि सरिता ने जादू-टोना करके बच्ची को बीमार किया है। इसी अंधविश्वास के चलते शनिवार की शाम को दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी बढ़ गया। विवाद इतना गहरा गया कि आरोपियों ने पीड़ित महेंद्र और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। जान का खतरा देखते हुए महेंद्र तुरंत अपनी पत्नी और बच्चे को साथ लेकर महिला थाने पहुंचे और सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं।
पुलिस ने तुरंत शुरू की कार्रवाई
इस संवेदनशील मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी संतू सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र से परमेश्वर पुष्कर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
यूपी के अंबेडकरनगर में ड्रम और दीवार से निकले कोबरा समेत 2 दर्जन से ज्यादा सांप, मचा हड़कंप
कानपुर के होटल में रुके शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका ने खाया जहर, दोनों की मौत