उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक होटल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे के भीतर शादीशुदा युवक और युवती जहर खाकर जान दे दी। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी दिग्विजय सिंह और मृतका की पहचान उन्नाव निवासी शिवांगी तिवारी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 33 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों पहले से शादीशुदा थे और शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कलक्टरगंज स्थित एक होटल पहुंचे थे। होटल में कमरा लेने के बाद दोनों बाहर नहीं निकले।
होटल कर्मचारियों ने दी पुलिस को सूचना
शाम करीब चार बजे तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उर्सला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया और दोनों के परिजनों को सूचना दे दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। फुटेज में दोनों को होटल में एक साथ प्रवेश करते हुए देखा गया है। इसके बाद कोई भी व्यक्ति कमरे में आता या बाहर जाता दिखाई नहीं दिया। पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और हाल के संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
फिलहाल घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है।
रिपोर्ट-अनुराग श्रीवास्तव
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)