लखनऊ: सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक के निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पहला बयान भी सामने आया है। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!"
बता दें कि प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।
पोस्टमार्टम हाउस भी गए अखिलेश यादव, जानें वहां क्या बोले
प्रतीक यादव की मौत के बाद उनका पोस्टमार्टम KGMU में होगा। इस मौके पर अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस भी गए। उन्होंने कहा, "मैंने बचपन से देखा है कि प्रतीक हेल्थ के प्रति जागरूक था। आज हमारे बीच नहीं है। जो कानून कहता है, परिवार के लोग कहते हैं, उस हिसाब से होना चाहिए। लगभग दो महीने पहले मेरी मुलाकात हुई थी, हमने कहा था कि व्यापार को आगे बढ़ाइए।"
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का सामने आया बयान
सीएम योगी ने कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!"
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सामने आया बयान
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ऊं शांति!"
यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का सामने आया बयान
यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के प्रिय पुत्र एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्षा अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति!"