1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. छेड़छाड़ से भड़की B.Pharma छात्रा कार के बोनट पर चढ़ी, युवक ने गाड़ी बैक की और कुचल दिया

छेड़छाड़ से भड़की B.Pharma छात्रा कार के बोनट पर चढ़ी, युवक ने गाड़ी बैक की और कुचल दिया

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 23, 2026 10:46 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 10:46 pm IST

सुल्तानपुर में बुधवार शाम कलेक्ट्रेट के सामने एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बीफार्मा छात्रा को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। आरोप है कि अजीत सिंह नाम का युवक पिछले 2-3 महीने से छात्रा को परेशान कर रहा था।

कार की टक्कर लगते ही...- India TV Hindi
कार की टक्कर लगते ही छात्रा गिर गई। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के सुल्तानपुर में छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से एक युवक बीफार्मा (B.Pharma) की छात्रा को परेशान कर रहा था और बुधवार शाम मामला कलेक्ट्रेट के सामने पहुंच गया। यहां देखते ही देखते ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।

‘पकड़ो-पकड़ो’ चिल्लाने लगी छात्रा

घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे की है। कोतवाली थाना इलाके ही रहने वाली 23 साल की लड़की बीफार्मा थर्ड ईयर की छात्रा है। बताया जा रहा है कि जब छात्रा कॉलेज से घर लौट रही थी तब यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कलेक्ट्रेट के सामने बस स्टॉप के पास एक छात्रा कार का पीछा करते हुए पहुंची और जोर-जोर से ‘पकड़ो-पकड़ो’ चिल्लाने लगी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, इसी दौरान छात्रा कार के सामने पहुंच गई। आरोप है कि कार चालक ने पहले कार पीछे की और फिर छात्रा को टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार चालक वाहन लेकर पंत स्टेडियम की तरफ फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

अस्पताल में भर्ती घायल छात्रा।
Image Source : REPORTER INPUTअस्पताल में भर्ती घायल छात्रा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रा स्कूटी में कार की टक्कर के बाद उतरकर बोनट पर चढ़ गई। इसके बाद आरोपी ने कार बैक की, छात्रा के गिरते ही उस पर कार चढ़ा दी। घटना के बाद कार चालक तुरंत मौके से फरार हो गया। राहगीर घायल छात्रा को उठाकर सड़क किनारे ले गए और घरवालों को जानकारी दी। खबर मिलते ही भाई मौके पर पहुंचा तो बहन को लहूलुहान हालत में देख बदहवास हो गया। वह लोगों की मदद से स्कूटी से बहन को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। डॉक्टरों ने बताया कि लड़की हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

2-3 महीने से परेशान कर रहा था युवक

छात्रा के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि अजीत सिंह नाम का युवक पिछले 2-3 महीने से छात्रा को परेशान कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, युवक कॉलेज में छात्रा को देखने के बाद से ही उसके पीछे पड़ा था। अजीत सिंह कोतवाली नगर क्षेत्र के नारायणपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह पूरा मामला छेड़छाड़ की कथित घटना से जुड़ा है और छात्रा को कार से टक्कर मारने के पीछे असल वजह क्या थी। पुलिस आरोपी युवक और कार की तलाश के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।

वहीं, एक अन्य घटना में यूपी के मुजफ्फरनगर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला का युवक ने पीछा किया, फिर अचानक पकड़ा। छेड़छाड़ की यह पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई।

(रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

पढ़ाई की जगह बेटे को मोबाइल चलाता देख गुस्साया पिता, शराब के नशे में अपने जिगर के टुकड़े की चाकू मारकर की हत्या

दहेज के लिए महिला को छत से नीचे फेंका, पैर टूटा; ससुराल वालों पर जहरीला इंजेक्शन देने का भी आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।