1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. किराएदार ने थप्पड़ का बदला मासूम की जान से लिया? कमरे में आटे के ड्रम से मिला शव, ऐसे हुआ खुलासा

किराएदार ने थप्पड़ का बदला मासूम की जान से लिया? कमरे में आटे के ड्रम से मिला शव, ऐसे हुआ खुलासा

 Published : Mar 27, 2026 01:17 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 01:31 pm IST

आगरा में एक किराएदार के कमरे से लापता हुई 8 साल की बच्ची का शव मिला है। किराएदार सुनील अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

आगरा में किराएदार के कमरे से आटे के ड्रम में मिला गुमशुदा बच्ची का शव।- India TV Hindi
आगरा में किराएदार के कमरे से आटे के ड्रम में मिला गुमशुदा बच्ची का शव। Image Source : REPORTER INPUT

आगरा के थाना ताजगंज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जूता कारखाना संचालक की 8 साल की बेटी का घर में रहने वाले किराएदार के कमरे में शव मिला है। दरअसल, आगरा के थाना ताजगंज के सिद्धार्थनगर गोबर चौकी निवासी जूता कारखाना संचालक दिनेश कुमार की 8 वर्षीय बेटी मंगलवार दोपहर 2:00 बजे से लापता थी। परिजनों ने शाम में तलाश शुरू की लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद अपहरण की आशंका जताते हुए परिजनों ने ताजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 

मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्ची दोपहर में पड़ोस की दुकान से सामान लेकर घर जाती दिखी, जिसके बाद पुलिस की जांच घर पर ही टिक गई। 

आटे के ड्रम में मिला बच्ची का शव

इसके बाद रात 11:00 बजे डॉग स्क्वायड बुलाया गया और जांच के बाद मकान के ऊपरी हिस्से के कमरे में रहने वाले किराएदार सुनील के कमरे की तलाशी ली गई तो आंखें फटी की फटी रह गईं। आटे वाले ड्रम में बालिका का शव बरामद हुआ। इसकी खबर लगते ही इलाके में हंगामा हो गया। लोगों ने जाम लगाकर अपना गुस्सा जताया। पुलिस किराएदार को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है लेकिन अभी तक किराएदार सुनील का पता नहीं चला है। 

किराएदार को मारा था थप्पड़

बच्ची के पिता ने बताया कि 5 महीने पहले किराया न मिलने पर उन्होंने सुनील के कमरे में ताला डाल दिया था, जिसे लेकर सुनील से विवाद हुआ था। साथ रहने वाले उनके बड़े भाई देवेंद्र ने सुनील को थप्पड़ मार दिया था, इस पर उसने गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। सुनील के पिता द्वारा 5000 रुपये देने पर कमरे का ताला तोड़ दिया गया था। हालांकि, इसके बाद सुनील फिर रहने लगा। हालांकि सुनील अभी फरार है और पुलिस सुनील को तलाश कर रही है।

रिपोर्ट- अंकुर कुमड़िया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।