1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी में हुआ भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, तीन लोगों की हुई मौत

अमेठी में हुआ भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, तीन लोगों की हुई मौत

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 03, 2025 11:16 am IST,  Updated : Sep 03, 2025 11:16 am IST

उत्तर प्रदेश के अमेठी में आज एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला है। यहां गाजीपुर से लखनऊ जा रही एक कार ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।

terrible road accident happened in Amethi car collided with truck three people died- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

अमेठी जिले के शुकुल बाजार क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के गाजीपुर से लखनऊ जा रही एक कार ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कानपुर निवासी अर्पित विश्वकर्मा (30) और विनय दुबे (27) तथा लखनऊ के रहने वाले विमल पांडेय (28) कार से गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। रास्ते में तड़के करीब साढ़े तीन बजे अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पॉइंट नंबर 60.1 के पास उनकी कार आगे जा रहे एक ट्रक से जा टकरायी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कार में सवार सभी तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शुकुल बाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना देकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

बलरामपुर में भी हुआ हादसा

बता दें कि इसी तरह मंगलवार को यूपी के बलरामपुर जिले के गैडस बुजुर्ग क्षेत्र में उतरौला-बस्ती मार्ग पर सोमवार शाम तेज गति से गुजर रहे ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार बुआ-भतीजे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि रसूलाबाद गांव निवासी राजू (24) अपनी बुआ चिनका (45) को सिद्धार्थनगर के जोगिया गांव छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान कूड़े बेड़िहार गांव के पास सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बुआ भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पकड़ लिया गया है और विधिक कार्यवाही की जा रही है। 

तेलंगाना में 7 लोगों की मौत

इसी तरह एक दूसरे मामले में बीते दिनों तेलंगाना के महबूबनगर जिले में सोमवार तड़के एक निजी बस ने ट्रेलर ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना अडकल पुलिस थाना क्षेत्र में आधी रात के बाद करीब 2.15 बजे हुई। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि बस हैदराबाद से प्रोद्दतूर जा रही थी। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान बस में 32 यात्री सवार थे। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।