1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गुलाल-अगरबत्ती की आड़ में चल रही थी अवैध पान मसाला पैकेजिंग फैक्ट्री, छापे में दो नामी ब्रांड की सामग्री हुई बरामद

गुलाल-अगरबत्ती की आड़ में चल रही थी अवैध पान मसाला पैकेजिंग फैक्ट्री, छापे में दो नामी ब्रांड की सामग्री हुई बरामद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 10, 2026 01:31 pm IST,  Updated : Oct 10, 2026 01:31 pm IST

कानपुर में इस्पात नगर में वाणिज्य कर विभाग की SIB टीम के छापे में गुलाल और अगरबत्ती निर्माण के नाम पर दो पान मसाला कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग सामग्री का काम चलता हुआ पाया गया, जिसमें छापेमारी कर इस यूनिट का भंडाफोड़ किया गया।

कानपुर में छापेमारी में पकड़ी गई सामग्री- India TV Hindi
Materials seized during a raid in Kanpur Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के इस्पात नगर में गुलाल और अगरबत्ती निर्माण के नाम पर किराए पर लिए गए परिसर में पान मसाला पैकेजिंग का काम चल रहा था। वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB), रेंज-डी की टीम ने छापेमारी कर इस यूनिट का भंडाफोड़ किया। बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर संचालित फैक्ट्री से दो नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकेजिंग सामग्री, कच्चा माल और एक वर्टिकल पाउच पैकिंग मशीन बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान संचालक रितिक अग्रवाल मौके से फरार हो गया। विभागीय जांच में सामने आया कि परिसर को गुलाल और अगरबत्ती बनाने के लिए किराए पर लिया गया था, लेकिन यहां पान मसाला की पैकेजिंग की जा रही थी। छापेमारी के दौरान मिली सामग्री और मशीन को आगे की कार्रवाई के लिए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग को सौंप दिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी

कानपुर के इस्पात नगर में की गई कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर सान्या छाबड़ा, कुमार आनंद और ज्वाइंट कमिश्नर सुशील गौतम के नेतृत्व में हुई। टीम ने मौके से पैकेजिंग सामग्री और कच्चे माल के साथ मशीन भी जब्त की। बरामद सामान को सीजीएसटी विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी। फैक्ट्री संचालक रितिक अग्रवाल के खिलाफ बिधनू थाने में पहले भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। इस्पात नगर में पकड़ी गई पैकेजिंग यूनिट के संबंध में विभागीय कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, छापेमारी के दौरान संचालक के फरार होने के बाद जांच एजेंसियां मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।

ANTF ने छापेमारी में पकड़ी नशीले सिरप की बड़ी खेप

इससे पहले कानपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यानी ANTF की यूनिट ने बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में एक मकान के गोदाम पर कार्रवाई कर कोडीन युक्त सिरप की 25 हजार बोतलें बरामद की थी। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 95 लाख रुपये आंकी गई है जिसमें पुलिस ने मौके से बिहार के मधुबनी निवासी मिहिर कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया। इस मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और बिल्टी के जरिए नई दिल्ली की एक फर्म के नाम पर सिरप की खेप मंगवाता था और इसके बाद इसे प्रयागराज और वाराणसी समेत दूसरे जिलों में सप्लाई किया जाता था।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

फर्जी बीमा पॉलिसियों के जरिए 40 लाख की साइबर ठगी, गाजियाबाद में 7 आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, कानपुर की छात्रा के साथ कन्नौज में दरिंदगी का आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।