मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर पुलिस ने फर्जी रियल एस्टेट कंपनियों के जरिए निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले तीन शिक्षित युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूट्यूब से ठगी के तरीके सीखकर लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देते थे। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पैसा लेकर फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन शिकायत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
करीब 25 लोगों ने दर्ज कराई थी शिकायत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि थाना नई मंडी में आयोजित समाधान दिवस के दौरान 20 से 25 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे निवेश के नाम पर बड़ी रकम ठगी गई है। जांच में हरेंद्र मलिया, दीपक चौधरी और प्रवीण कुमार का नाम सामने आया। तीनों ने मिलकर ग्लोबल टेक रियल एस्टेट और GT-FX ट्रेडिंग नाम से फर्जी कंपनियां बनाई थीं और खुद को उनका संचालक बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे।
10 प्रतिशत रिटर्न देने का लालच देकर ठगे करोड़ों
आरोपियों ने निवेशकों को एक लाख रुपये निवेश करने पर हर महीने सात हजार रुपये (करीब 10 प्रतिशत) रिटर्न देने का लालच दिया। इस झांसे में आकर 50 से 60 लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश कर दिए। पुलिस के अनुसार कुछ सरकारी कर्मचारियों ने भी इन कंपनियों में पैसा लगाया था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ज्यादा पैसा कमाने की लालच में यूट्यूब देखकर इस तरह की धोखाधड़ी का तरीका सीखा। ठगी से जुटाई गई रकम का कुछ हिस्सा शेयर बाजार समेत अन्य माध्यमों में लगाया गया, जबकि उनके पास किसी प्रकार का वैध पंजीकरण नहीं था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और फर्जी कंपनियों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ BUDS Act-2019 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम की जांच कर रही है।
ऑन ड्यूटी होमगार्ड हत्याकांड में दोषी को फांसी
वहीं, ऑन ड्यूटी होमगार्ड की हत्या के बहुचर्चित मामले में मुजफ्फरनगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट-3 ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दोषी दीपक पुत्र लाल सिंह निवासी बुढ़ाना मोड़, थाना शहर कोतवाली को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह घटना 4 जून 2026 की है। शहर कोतवाली में तैनात पुलिस कांस्टेबल इस्लाम अली और होमगार्ड रतिराम बुढ़ाना मोड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान गली नंबर-3 स्थित एक मकान से महिला के चीखने की आवाज सुनाई दी। दोनों पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि दीपक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा था। जब कांस्टेबल इस्लाम अली और होमगार्ड रतिराम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो दीपक ने अचानक चाकू से होमगार्ड रतिराम पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रतिराम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रिपोर्ट- योगेश त्यागी
ये भी पढ़ेंः शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 25 लाख की साइबर ठगी, पुलिसकर्मियों को बनाया था शिकार, 4 आरोपी गिरफ्तार
बरेली में बाप-बेटे और महिला की ठगी गैंग बेनकाब, नकली सोने से सुनारों को लगाते थे लाखों की चपत