Wednesday, February 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ चली गई कार, ट्रक ने रौंदा; 6 लोगों की मौत

हापुड़ में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ चली गई कार, ट्रक ने रौंदा; 6 लोगों की मौत

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
Published : May 14, 2024 09:15 am IST, Updated : May 14, 2024 09:19 am IST

यूपी के हापुड़ में बड़ा हादसा हो गया। एक गाड़ी और ट्रक की आपस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार 6 लोगों की मौत हो गई। यह भीषण हादसा गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के NH- 9 पर गांव अल्लाहबख्शपुर कट के पास देर रात हुआ।

कार के उड़े परखच्चे- India TV Hindi
कार के उड़े परखच्चे

उत्तर प्रदेश के हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें एक गाड़ी और ट्रक की आपस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स की हालत गंभीर है। यह भीषण हादसा गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के NH- 9 पर गांव अल्लाहबख्शपुर कट के पास देर रात हुआ। गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे।

नैनीताल जाने के लिए निकले थे

गाड़ी सवार 38 वर्षीय अनूप अपने दोस्तों के साथ गाजियाबाद के लोनी से करीब 9:00 बजे नैनीताल जाने के लिए निकले थे। मृतक अनूप के भाई अक्षय ने बताया कि सभी लोग रविवार रात करीब 9:00 बजे के आस-पास घर से निकले थे, जो नैनीताल करौली जा रहे थे। रात करीब 12:00 बजे पुलिस द्वारा उन्हें हादसे की सूचना दी गई कि गढ़ गंगा से करीब 1 किलोमीटर पहले यह हादसा हुआ है। 

एक की हालत गंभीर बनी हुई है

गाड़ी में सात लोग सवार थे, जिनमें से 6 लोगों की मौत हो चुकी है और एक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। गाड़ी एक्सेल 6 थी। सभी लोनी गाजियाबाद से निकले थे। इस हादसे में रोहित सैनी 33 वर्ष, अनूप सिंह 38 वर्ष, संदीप 35 वर्ष, निक्की जैन 33 वर्ष, विपिन सोनी 35 वर्ष निवासी लोनी गाजियाबाद और राजू जैन 36 वर्ष निवासी खतौली मेरठ की मौत हो गई।

कार से नियंत्रण खो दिया ड्राइवर

जानकारी के अनुसार, गाड़ी तेज रफ्तार से हाईवे पर जा रही थी, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से आ रहे एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह लोगों ने दम तोड़ दिया और गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (रिपोर्ट - निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें- 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement