हाथरस के बहुचर्चित कैलाश ढाबा गैंगवार मामले में यूपी पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' पूरी रफ्तार से जारी है। पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी मोना ठाकुर के बाद अब पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शानू को भी एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ हाथरस के दयानतपुर गांव के पास हुई।
आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली
पुलिस और एसओजी की टीम को सूचना मिली थी कि कैलाश ढाबा गोलीकांड में शामिल इनामी बदमाश शानू क्षेत्र में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया, तो आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की ओर से हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी शानू के दोनों पैरों में गोली लग गई। गोली लगने से घायल होकर वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस को शानू के पास से से मिला अवैध तमंचा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से खतरनाक अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस को शानू के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चले हुए कारतूस मिले हैं। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तमंचा कारतूस औरा बिना नंबर बाइक बरामद की है। शानू के खिलाफ मारपीट, एससी,एसटी एक्ट समेत कोतवाली सदर और हाथरस गेट में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
अब तक दो इनामी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
हाथरस पुलिस इस मामले में अब तक दो बड़े इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच चुकी है। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने इस गैंगवार के मुख्य हिस्ट्रीशीटर मोना ठाकुर को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था और आज शानू को भी उसी अंजाम तक पहुंचाया गया। मामले में नामजद मुख्य आरोपी विजय प्रताप उर्फ छोटू राणा को भी पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। फिलहाल, घटना में फरार चल रहे बाकी के 6 इनामी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हाथरस से रवि चौधरी की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
नोएडा पुलिस ने पकड़े 2 चोर, घरों में घुसकर करते थे वारदात, 1 बाइक और 20 हजार रुपये बरामद