1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में भीख मांगते पकड़े गए दो संदिग्ध कश्मीरी, पूछताछ में जुटी खुफिया एजेंसियां

बरेली में भीख मांगते पकड़े गए दो संदिग्ध कश्मीरी, पूछताछ में जुटी खुफिया एजेंसियां

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Dec 28, 2025 04:23 pm IST,  Updated : Dec 28, 2025 04:24 pm IST

बरेली पुलिस ने दो संदिग्ध कश्मीरी युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों इलाके में भीख मांग रहे थे और मस्जिद में रह रहे थे।

दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ा। - India TV Hindi
दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ा। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

बरेली: जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो संदिग्ध कश्मीरी युवकों को हिरासत में लिया है। ये दोनों संदिग्ध कश्मीरी युवक इलाके में घूम-घूम कर भीख मांग रहे थे। हालांकि स्थानीय लोगों को इनकी हरकतें संदिग्ध दिखीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी के मुताबिक ये पास की ही एक मस्जिद में रुके हुए थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने सिर्फ यही बताया कि दोनों गरीब हैं और भीख मांगकर गुजारा करते हैं। फिलहाल दोनों संदिग्ध युवकों के दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां भी दोनों से पूछताछ में जुटी हुई हैं।

भीख मांग रहे थे संदिग्ध

इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवक अहलादपुर चौकी क्षेत्र के धीमरी गांव में एक मस्जिद में ठहरे हुए थे। उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों केवल यह कहते रहे कि वे गरीब हैं और भीख मांगकर गुजारा करते हैं।’’ पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी उनसे लगातार पूछताछ कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों संदिग्धों की तस्वीरें और आधार कार्ड कश्मीर पुलिस को सत्यापन के लिए भेज दिए गए हैं और तत्काल जानकारी मांगी गई है जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनके दस्तावेज सही हैं या नहीं। 

पुलिस ने दोनों को पकड़ा

थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘शनिवार सुबह धीमरी गांव में दो कश्मीरी युवक घर-घर भीख मांगते देखे गए थे। उनकी भाषा और बोलचाल के तरीके को लेकर गांव के लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस के ‘एक्स’ खाते पर शिकायत दर्ज कराई।’’ सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर इज्जतनगर पुलिस गांव पहुंची। शुरुआत में पुलिस को देखकर दोनों युवक भीड़ में शामिल होकर नमाज पढ़ने लगे और नजरों से ओझल हो गए। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद ग्रामीणों ने दोबारा सूचना दी कि दोनों युवक फिर गांव में दिखाई दिए हैं और इस बार पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। 

दोनों से पूछताछ जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शौकत अली और सज्जाद बताया। दोनों कश्मीर के पुंछ जिले के निवासी हैं। पुलिस दोनों को थाने ले आई और सख्ती से पूछताछ के दौरान मामला गंभीर प्रतीत होने पर खुफिया एजेंसियों को भी इसकी सूचना दी गई। सिंह ने कहा, ‘‘अब तक की पूछताछ में दोनों ने बताया है कि वे गांव की एक मस्जिद में ठहरे हुए थे। वे कई वर्ष पहले भी दिसंबर में बरेली आए थे। इस बार वे 10 दिसंबर को बरेली पहुंचे थे और तब से गांव में रह रहे थे।’’

यह भी पढ़ें-

ग्रामीणों ने महिला को घर से घसीटकर निकाला, जूतों की माला पहना कर की पिटाई

सीएम योगी ने यूपी पुलिस को हाईटेक करने के लिए लॉन्च किया Yaksh APP, क्या है इसकी खासियत? जानें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।