1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी में खर्च किए थे 1 करोड़ रुपये, फिर भी हो रही थी फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये की मांग, ग्रेटर नोएडा में विवाहिता की संदिग्ध मौत

शादी में खर्च किए थे 1 करोड़ रुपये, फिर भी हो रही थी फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये की मांग, ग्रेटर नोएडा में विवाहिता की संदिग्ध मौत

 Published : May 18, 2026 12:46 pm IST,  Updated : May 18, 2026 12:46 pm IST

ग्रेटर नोएडा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुरालजनो पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और लड़की के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

greater noida dowry death murder- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या का संदिग्ध मामला। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कथित दहेज हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद मायका पक्ष ने ससुरालजनों पर अतिरिक्त दहेज मांगने और इसी कारण से हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया है और इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी में खर्च किए थे 1 करोड़ रुपये

सामने आई जानकारी के अनुसार, यह घटना ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के जलपुरा की है, जहां दीपिका नागर नामक विवाहिता की मौत हुई। दीपिका के पिता संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ की थी। संजय के अनुसार, शादी में उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद, ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। वे दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पिता ने कई बार बेटी और ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया था।

गाड़ी व पैसे लाने को कह रहे थे- पिता

पीड़ित पिता ने बताया कि 17 मई को उनकी बेटी दीपिका ने उन्हें फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दहेज में गाड़ी व पैसे लाने को कह रहे हैं। शाम को संजय ससुराल गए और बातचीत कर वापस आ गए। रात में उन्हें फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है और उन्हें अस्पताल आने को कहा गया। जब वे अस्पताल पहुंचे, तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पिता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने ही दीपिका की हत्या कर उसके शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया है।

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?

इस मामले में पीड़ित पिता ने ससुर मनोज, सास पूनम, पति ऋतिक, ननद नेहा व तन्वी, तथा चचिया ससुर प्रमोद व विनोद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच पड़ताल जारी है। पुलिस के द्वारा बताया गया है कि विवाहिता की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हुई थी। (रिपोर्ट: राहुल ठाकुर)

ये भी पढ़ें- लखनऊ में ट्रेन की बोगी में मिला युवती का सिर कटा शव, पॉलीथीन में पैक थे हाथ-पैर

यूपी: फतेहपुर में गैस लीक होने से जोरदार धमाका, 9 लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।