अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित हरिओम नगर में एसी का कंप्रेशर फटने से एक मकान में आग लग गई। आग लगने के समय घर के अंदर मौजूद गृह स्वामी करीब 20 मिनट तक धुएं और आग के बीच फंसा रहा, जिससे उसका दम घुट गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है। मृतक का रेलवे रोड पर कालरा स्पोर्ट्स के नाम से प्रतिष्ठान है। आग लगने के कारण घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
सीएफओ मुकेश कुमार सिंह का बयान सामने आया
इस मामले में सीएफओ मुकेश कुमार सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि हमारे कंट्रोल रूम पर 8 बजे के बाद ये सूचना मिली कि हरिओम नगर में एक घर में आग लगी है। हमने तत्काल 2 गाड़ी रवाना की, फिर एक और गाड़ी को रवाना किया गया और मैं खुद भी पहुंचा। इस घटना में 70 साल के बुजुर्ग सुभाष कालरा की मौत हो गई।
सीएफओ मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि वह पहले से बीमार थे और घर पर अकेले थे। आग लगने की वजह से जो धुआं हुआ, उससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन खबर मिली है कि उपचार के दौरान उनकी मौत हुई है।
घर के AC का कंप्रेशर फटे तो सबसे पहले क्या करना चाहिए?
घर के एसी का कंप्रेशर अगर फट जाए तो सबसे पहले ये सुनिश्चित करें कि AC बंद कर दिया गया है या नहीं। पूरे घर का संबंधित MCB भी ऑफ कर दें ताकि कोई शॉर्ट सर्किट या आग का खतरा न रहे। कंप्रेशर फटने पर रेफ्रिजरेंट गैस (जो ज्वलनशील हो सकती है) लीक हो सकती है, जिसकी वजह से पूरे घर में धुआं फैल सकता है। ऐसा होने पर सबसे पहले घर के बाहर निकल आएं। खुद कभी भी AC खोलने या रिपेयर करने की कोशिश न करें। गैस लीक, इलेक्ट्रिकल डैमेज या कंप्रेशर ब्लास्ट में खास सावधानी जरूरी होती है। अगर धुआं, तेज बदबू या आग की लपटें दिख रही हों तो फायर ब्रिगेड को भी कॉल करें। बच्चों और बुजुर्गों को उस कमरे से दूर रखें। (रिपोर्ट- प्रदीप)