सीतापुर: यूपी के सीतापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भतीजे ने अपनी ताई की ऊंगली काटकर अलग कर दी और फरार हो गया। अचानक घटी इस घटना से घर में हड़कंप मच गया। घायल ताई को जिला अस्पताल ले जाया गया है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
मामला इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेलामऊ का है। यहां भतीजे ने दांतो से अपनी ताई की ऊंगली काट दी। वह शराब के नशे में घर पर हंगामा कर रहा था। इसी दौरान ताई ने डांटा तो उसने ताई की ऊंगली काट दांतों से काट दी और अलग कर दी।
घटना के बाद भतीजा घर से भाग गया। ताई अपनी कटी उंगली लेकर जिला अस्पताल पहुंची। इसका इलाज चल रहा है।
इस तरह हुई घटना
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेलामऊ गांव में रविवार देर शाम जयदेवी अपने घर के बाहर आग ताप रही थीं। इसी दौरान उनका भतीजा नन्द किशोर, जो नशे की हालत में था, वह भी आग तापने लगा। कुछ देर बाद नंद किशोर अपशब्दों का प्रयोग करने लगा, जिस पर आग ताप रही उसकी ताई जय देवी ने विरोध किया।
भतीजा नंद किशोर जब हंगामा करने लगा तो ताई जयदेवी ने उसे आग से दूर रहने और घर में हंगामा न करने की नसीहत दी। इसी बात पर भतीजा नंद किशोर आग बबूला हो गया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब जयदेवी ने उसे डांटा, तो भतीजे नंद किशोर ने अचानक तैश में आकर उनके हाथ को पकड़ लिया और दांतों से जोर से काट लिया। ये हमला इतनी तेज था कि महिला की एक उंगली अलग हो गई।
वारदात के बाद भतीजा नंद किशोर घर से भाग गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार वाले घायल जयदेवी को कटी हुई उंगली के साथ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है और घर भेज दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि उंगली पर गंभीर चोट पहुंची है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। हालांकि परिजनों ने अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। (इनपुट: सीतापुर से मोहित मिश्रा)