1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: पेट्रोल पंप पर 2 हजार का पेट्रोल भरवाया और सेल्समैन को कार की खिड़की में फंसाकर भाग गए युवक, VIDEO वायरल

यूपी: पेट्रोल पंप पर 2 हजार का पेट्रोल भरवाया और सेल्समैन को कार की खिड़की में फंसाकर भाग गए युवक, VIDEO वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Feb 15, 2026 05:24 pm IST,  Updated : Feb 15, 2026 05:31 pm IST

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद युवकों ने पैसे नहीं दिए और मौके से भाग निकले। इस दौरान युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की और उसे कार की खिड़की में फंसा दिया।

petrol pump- India TV Hindi
युवकों ने सेल्समैन को कार की खिड़की में फंसाया Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पेट्रोल पंप पर कार से आए युवकों ने 2000 रुपए का पेट्रोल डलवाया और जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो उसके साथ मारपीट की। युवक यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने सेल्समैन को कार की खिड़की में फंसाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। 

ये घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस घटना को लेकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर मारपीट और रुपये न देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को ग्राम रामनगर, थाना सिंघावली अहीर, जनपद बागपत निवासी सुबोध गिरी ने खतौली थाने में तहरीर देकर बताया कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से आए युवकों ने उनके पेट्रोल पंप पर 2000 रुपये का पेट्रोल भरवाया। 

जब सेल्समैन मनोज शर्मा ने भुगतान मांगा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक कार की खिड़की में सेल्समैन को फंसाकर गाड़ी लेकर भागने लगे और जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी खतौली के नेतृत्व में गठित टीम ने 14 फरवरी 2026 को ग्राम कूकड़ा, थाना नई मंडी, जनपद मुजफ्फरनगर निवासी एजाज (20), सुऐब (20) और आदिल (20) को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या यूपी-12-बीसी-3817 भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित तोमर, उपनिरीक्षक लक्ष्यदीप, हेड कांस्टेबल मुनीश शर्मा, हेड कांस्टेबल अनुज तोमर और कांस्टेबल सोबिर तेवतिया शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। (इनपुट: योगेश त्यागी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।