गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग युवक ने अपने बड़े भाई-भाई और 3 साल के भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
बांसगांव थाना क्षेत्र में छोटे नाबालिग भाई ने बड़े भाई, उसकी पत्नी और बच्चे की हत्या कर दी। तीन हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। इसकी सूचना पर एसएसपी, एसपी दक्षिणी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस की जांच में पारिवारिक विवाद में हत्या की बात सामने आई है।
मृतकों में अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और 3 साल के रेयान गुप्ता का नाम शामिल है। अमित गुप्ता के पिता की तहरीर पर बांसगांव पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एसपी का सामने आया बयान
एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि रविवार देर रात करीब 3 बजे एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या की सूचना मिली। जांच में पता चला कि अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना और बेटा रेयान गुप्ता रात के समय एक ही कमरे में सोए थे। तभी 16 साल के छोटे भाई ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। मृतक के पिता की सूचना पर मौके पर पुलिस फोर्स पहुंची। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। बाल अपराधी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि आखिर कोई शख्स इतना क्रूर कैसे हो सकता है कि अपने ही भाई-भाभी को मौत के घाट उतार दे और 3 साल के मासूम भतीजे को भी ना बख्शे। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग कर रहे हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। (रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव)