होली का त्योहार नजदीक है और इसके लिए पूरे देश में तैयारियां जारी है। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में होने वाले होली के त्योहार पर भी देशभर की नजरें टिकीं होती हैं। बता दें कि होली से कई दिनों पहले ही वृंदावन में जश्न का माहौल शुरू हो जाता है। ऐसे में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग होली मनाने के लिए वृंदावन पहुंचते हैं। हालांकि, इस दौरान कई बार जबरदस्ती रंग लगाने और अभद्र टिप्पणी की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। अब ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वृंदावन पुलिस ने नोटिस जारी कर के चेतावनी दी है। आइए जानते हैं कि पुलिस ने क्या कहा है।
एंटी रोमियो टीमों का गठन किया गया
होली और रंगभरनी एकादशी को लेकर वृंदावन पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि श्रद्धालुओं, महिलाओं और लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई होगी। जबरन रंग-गुलाल लगाने और पानी के गुब्बारे फेंकने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए दस एंटी रोमियो टीमों का गठन किया गया है। पूरा वृंदावन और परिक्रमा मार्ग सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। प्रभारी निरीक्षक, थाना वृंदावन मथुरा ने लोगों से होली की गरिमा बनाए रखने की अपील की है।

सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
प्रभारी निरीक्षक, थाना वृन्दावन, मथुरा की ओर से जारी किए गए नोटिस में कहा गया है- "रंगभरनी एकादशी एंव होली के त्यौहार पर चेतावनी दी जाती है कि कोई भी व्यक्ति आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, लडकियों पर अभद्र टिप्पणी नही करेगा एंव रंग गुलाल जबरदस्ती नही लगायेगा अथवा पानी के गुब्बारे नही फेकेगा। ऐसा करने वालो पर पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेगी। ऐसे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिये एंव कार्यवाही करने के लिये दस एण्टीरोमियों टीमों का गठन किया गया है पूरा वृन्दावन एंव परिक्रमा मार्ग सीसीटीवी कैमरों की निगरानी मे है। बृज की विश्व प्रसिद्ध होली की गरिमा बनाये रखें।"
बांकेबिहारी मंदिर ने भी जारी की एडवाइजरी
दूसरी ओर ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर प्रशासन ने भी होली को लेकर एडवाइजरी जारी की है। रंगभरनी एकादशी से धुलेंडी तक मंदिर परिसर में केमिकल युक्त रंग-गुलाल पर रोक रहेगी। नकली गुलाल और सिलेंडर वाले रंगों के प्रवेश व उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने कहा है कि केमिकल रंगों से श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। मंदिर परिसर और आसपास ऐसे रंगों की बिक्री व प्रयोग से बचने की अपील की गई है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। (रिपोर्ट: विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें- यामानाशी से भी खूबसूरत यूपी! जापान में CM योगी ने कहा- निवेश के लिए बेस्ट जगह है उत्तर प्रदेश